तिरंगे के सम्मान का संकल्प, दयालबाग शिक्षण संस्थान में शपथ के बाद निकाली गई तिरंगा रैली
आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) में भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा शपथ ग्रहण समारोह और भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्र की एकता-अखंडता और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता जताई। तिरंगा हाथों में लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों के माध्यम से आमजन को प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास पर चर्चा के बाद शपथ ग्रहण समारोह हुआ। NSS स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे सदैव राष्ट्रीय ध्वज का सर्वोच्च सम्मान करेंगे, राष्ट्रहित के विरुद्ध किसी भी कार्य से दूर रहेंगे तथा अधिक से अधिक नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
मुख्य वक्ता वाणिज्य संकाय के संकाय प्रमुख प्रो. प्रमोद कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और उसकी गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और क्रांतिकारियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
अपराह्न सत्र में तिरंगा रैली आयोजित की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक डॉ. सनिल कुमार ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली वाणिज्य संकाय परिसर से शुरू होकर स्थानीय बाजार और प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी। हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ शामिल विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और आमजन को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और NSS स्वयंसेवकों में राष्ट्रप्रेम, उत्साह और देशभक्ति की भावना दिखाई दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन और समन्वय में NSS कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शालिनी दुबे, डॉ. भावना जौहरी, डॉ. अनीशा सत्संगी और डॉ. राकेश का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रजनीश मीना ने अतिथियों, शिक्षकों और NSS स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।