मां की स्मृति से जनसेवा का संकल्प: बेटियों ने हेल्प आगरा को भेंट की ईको एम्बुलेंस
मातृ स्मृति को जनकल्याण से जोड़ने की भावुक और प्रेरक पहल करते हुए आगरा के भार्गव परिवार की बेटियों ने हेल्प आगरा संस्था को एक नई ईको एम्बुलेंस दान की है। यह एम्बुलेंस स्वर्गीय श्रीमती बीना भार्गव की स्मृति में भेंट की गई, जिससे शहर की आपात स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
आगरा। हेल्प आगरा संस्था को जनसेवार्थ एक नई ईको एम्बुलेंस प्राप्त हुई है, जो स्वर्गीय श्रीमती बीना भार्गव की स्मृति में उनकी पुत्रियों अन्नू भार्गव, सिंपल भार्गव एवं डिम्पल भार्गव के संयुक्त सहयोग से दान की गई। यह सेवा-समर्पण कार्यक्रम विजय नगर कॉलोनी स्थित उनके भाई अभिनव भार्गव के निवास पर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर एम्बुलेंस की चाबी परिवार की ओर से श्री शिव कुमार भार्गव एवं श्रीमती उमा भार्गव ने हेल्प आगरा की एम्बुलेंस सेवा के प्रभारी अशोक बंसल एवं राजेन्द्र बंसल को सौंपी। इस मानवीय पहल के लिए हेल्प आगरा संस्था की ओर से शिव कुमार भार्गव एवं उमा भार्गव का अभिनंदन भी किया गया।
संस्था के महासचिव गौतम सेठ ने बताया कि इस नवीन ईको एम्बुलेंस के जुड़ने से अब हेल्प आगरा के पास कुल 11 एम्बुलेंस हो गई हैं, जिससे आपातकालीन सेवाओं को और अधिक त्वरित, प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित किया जा सकेगा।
हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने भार्गव परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा-भावना से प्रेरित ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि मातृ स्मृति में किया गया यह दान असंख्य जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर दीपेन्द्र मोहन (सीए), समाजसेवी संतोष शर्मा, राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अजय मित्तल, विशेष बंसल, मंत्री नितिन अग्रवाल, अमित अग्रवाल, राजीव गुप्ता, जलज गोयल, रवि बंसल, मनीष बंसल, मनीष गर्ग, गोपाल बंसल, साकेश अग्रवाल, विजय गोयल, नंदकिशोर गोयल सहित हेल्प आगरा संस्था से जुड़े अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।