बरेली में 20 हजार के इनामी गौकश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, साथी फरार

-आरके सिंह- बरेली। भोजीपुरा थाना पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के दौरान 20 हजार रुपये के इनामी गौकश एवं पुलिस पर फायरिंग के मामलों में वांछित आरोपी जाहिद उर्फ अंडा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान आरक्षी विकास भी घायल हो गया। आरोपी का साथी अजीम उर्फ मोती अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

Jun 23, 2026 - 13:04
 0
बरेली में 20 हजार के इनामी गौकश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, साथी फरार
बरेली पुलिस के साथ एनकाउंटर में घायल होने के बाद हत्थे चढ़ा गौकश।

थाना प्रभारी भोजीपुरा कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम घुरसमसपुर रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जाहिद उर्फ अंडा के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पर गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, पुलिस पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट सहित छह मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।

घायल आरोपी जाहिद उर्फ अंडा और घायल आरक्षी विकास को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजीपुरा भेजा गया है। फरार आरोपी अजीम उर्फ मोती की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor