आगरा के पिनाहट से चाकू की नोक पर अगवा किए गए 13 वर्षीय किशोर को पुलिस ने 24 घंटे में सकुशल बरामद किया, सिरफिरे आशिक पर कसा शिकंजा

-नीरज परिहार- आगरा। पिनाहट कस्बा क्षेत्र से चाकू की नोक पर अगवा किए गए 13 वर्षीय किशोर को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने किशोर को सुरक्षित कब्जे में लेकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने अपहरण के आरोपी मौसिम के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है, जिसमें प्रेमिका पर शादी का दबाव बनाने के लिए उसके नाबालिग भाई का अपहरण किए जाने की बात सामने आई है।

Jul 6, 2026 - 21:20
 0
आगरा के पिनाहट से चाकू की नोक पर अगवा किए गए 13 वर्षीय किशोर को पुलिस ने 24 घंटे में सकुशल बरामद किया, सिरफिरे आशिक पर कसा शिकंजा
किशोर का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया अभियुक्त पुलिस कस्टडी में।

पुलिस के अनुसार, रविवार को पिनाहट कस्बा क्षेत्र में मौसिम नामक एक युवक कथित तौर पर एक घर में घुस आया और चाकू की नोक पर 13 वर्षीय किशोर का अपहरण कर अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना देकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। किशोर की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

तलाश अभियान के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोर के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के त्वरित एवं प्रभावी कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोप है कि सिरफिरे युवक ने प्रेमिका पर शादी का दबाव बनाने के उद्देश्य से उसके नाबालिग भाई का अपहरण किया था। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor