केंद्रीय बजट पर आगरा में राजनीतिक विमर्श, योजनाएं जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा केंद्रीय बजट पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बजट को किसान, गरीब, महिला और युवा हितैषी बताते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने इसे आत्मनिर्भरता और निवेश को बढ़ावा देने वाला बजट बताया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
विकसित भारत के संकल्प के साथ भाजपा का जनजागरण अभियान, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र बोले किसान, गरीब, महिला और युवा सशक्त होंगे
आगरा। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय बजट को लेकर एक विस्तृत विचार गोष्ठी का आयोजन किया। यह कार्यक्रम जयपुर हाउस स्थित उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के कैंप कार्यालय पर संपन्न हुआ। गोष्ठी में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बजट के विभिन्न प्रावधानों पर चर्चा करते हुए इसे ‘विकसित भारत’ की दिशा में निर्णायक कदम बताया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह बजट किसान, गरीब, महिला और युवा वर्ग को सशक्त बनाने की स्पष्ट मंशा दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आधारभूत ढांचे के विस्तार, रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान देकर अर्थव्यवस्था को नई गति देने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि बजट सर्वजन कल्याणकारी योजनाओं को गति देने वाला है। कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और बजट के लाभों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लें।
महानगर अध्यक्ष बोले-आत्मनिर्भर भारत को मजबूती
गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भरता, निवेश और विकास को बढ़ावा देने वाला है। इससे गांव से शहर तक संतुलित और समग्र प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि बजट में किए गए प्रावधानों से स्थानीय स्तर पर उद्योग, स्टार्टअप और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई ऊर्जा मिलेगी।
कार्यकर्ताओं ने लिया जन-जागरूकता का संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आलौकिक उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर सीए दीपिका मित्तल, मंडल अध्यक्ष धीरज जैन, देवेश पचौरी, राजू कुशवाहा, राजवीर सिंह धाकड़, ओम प्रताप सिंह, बद्री प्रसाद माहौर, रेनू गुप्ता, तरुण पिपल, बंटी दक्ष, सुधीर टंडन, दीप विनायक पटेल, सनी वर्मा और गौरव सारस्वत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।