महिला आरक्षण पर सियासी हुंकार: बरेली के सम्मेलन से डिप्टी सीएम मौर्य का ऐलान- आधी आबादी को 33% हक दिलाकर रहेंगे, विपक्ष पर तीखा हमला

-आरके सिंह- बरेली। महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। बरेली के इनवर्टिस यूनिवर्सिटी में आयोजित जन-आक्रोश महिला सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट कहा कि मातृ शक्ति को उनका हक दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विपक्ष के विरोध के बावजूद यह लड़ाई जारी रहेगी।

Apr 24, 2026 - 20:25
 0
महिला आरक्षण पर सियासी हुंकार: बरेली के सम्मेलन से डिप्टी सीएम मौर्य का ऐलान- आधी आबादी को 33% हक दिलाकर रहेंगे, विपक्ष पर तीखा हमला
बरेली की इनवर्टिस यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को आयोजित जन-आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित करते उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

विपक्ष के कारण अटका ऐतिहासिक बिल

सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाकर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रयास किया गया, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यदि पर्याप्त समर्थन मिलता तो यह ऐतिहासिक विधेयक पास हो चुका होता।

प्रधानमंत्री का संकल्प अटल

उन्होंने नरेंद्र मोदी के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि ना हिम्मत हारी है, ना हौसला टूटा है, मातृ शक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती हैं, जरूरत सिर्फ अवसर देने की है, और भाजपा यह अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

केशव मौर्य ने नारी शक्ति की महत्ता बताते हुए सती, रानी लक्ष्मीबाई और सावित्रीबाई फुले के उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी महिलाओं को मौका मिला, उन्होंने असाधारण कार्य किए हैं।

सरकार की योजनाओं का ब्योरा

उपमुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि करोड़ों महिलाओं के बैंक खाते खोले गए, गरीब परिवारों को आवास दिए गए जिनमें अधिकांश महिलाओं के नाम हैं, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए गए और लाखों महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि महिला आरक्षण का यह मुद्दा सिर्फ मंच तक सीमित न रहे, बल्कि इसे घर-घर तक पहुंचाया जाए, ताकि समाज की आधी आबादी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके।

मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी साधा विपक्ष पर निशाना

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार ने कहा कि भाजपा महिलाओं को आरक्षण देना चाहती थी, लेकिन विपक्ष के कारण यह संभव नहीं हो पाया।
महापौर एवं कुलाधिपति डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के सपनों को कुचलने का काम किया है, जबकि भाजपा नारी सम्मान और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी अहम है।

SP_Singh AURGURU Editor