प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में क्रिसमस उत्सव का भव्य आयोजन, संगीत-संस्कार और उल्लास से गूंजा एस्ट्रोडोम
आगरा। प्रेम, शांति और उल्लास का संदेश देने वाला क्रिसमस पर्व 24 दिसंबर को प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के एस्ट्रोडोम में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों, भावपूर्ण मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। यह आयोजन संगीत, संस्कार और सामाजिक चेतना का सशक्त संगम बनकर उभरा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा अदिता अग्रवाल के जागरूकता भाषण से हुई। इसके पश्चात क्रिसमस को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों ने नेटीविटी प्ले का सजीव मंचन किया, जिसने प्रभु यीशु मसीह के जन्म का संदेश प्रभावी और भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
कक्षा एक के विद्यार्थियों ने जॊय टु द वर्ल्ड पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। विद्यालय के कॉयर द्वारा क्रिसमस कैरोल गाए गए, इसी दौरान सांता क्लॉज के आगमन ने बच्चों के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया। ‘जिंगल बेल्स’ और ‘मेरी क्रिसमस’ गीतों पर विद्यार्थियों ने उल्लासपूर्ण प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूल बैंड, सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग की एकल नृत्य प्रस्तुतियां, समूह गायन, जूनियर व सीनियर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही जिला योगासन प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन तथा उद्भव इंटरनेशनल ग्रुप डांस प्रतियोगिता में मिली उपलब्धियों ने दर्शकों की विशेष सराहना बटोरी।
विद्यालय में विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों के लिए तीन चरणों में प्रमाण-पत्र वितरण किया गया। प्रथम चरण में 48, द्वितीय चरण में 42 तथा तृतीय चरण में 40 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के निदेशक ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया और सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। अंत में डिप्टी-हेड गर्ल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।