मथुरा-वृंदावन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन, श्री बांके बिहारी के दर्शन, निधिवन भी देखा

वृंदावन। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा और वृंदावन का इतिहास 25 सितम्बर 2025 को स्वर्णिम पन्नों में दर्ज हो गया, जब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में बिहारी जी के दर्शन और पूजा-अर्चना की। मंदिर के प्रमुख सेवायत एवं सुप्रीम कोर्ट गठित हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य शैलेंद्र गोस्वामी ने उन्हें विधिविधान से पूजा कराई।

Sep 25, 2025 - 14:29
 0
मथुरा-वृंदावन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन, श्री बांके बिहारी के दर्शन, निधिवन भी देखा
वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में पूजा अर्चना करतीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू। इसी मौके की विभिन्न तस्वीरें।

इस दौरान मंदिर से वीआईपी कटघरा हटा दिया गया था। राष्ट्रपति ने स्वयं बिहारी जी के समक्ष रोली से सतिया काढ़ा, चावल अर्पित किए तथा बड़ा घी का दीपक जलाया। उनके साथ परिजन भी पूजा में शामिल हुए।

बांके बिहारी मंदिर के बाद राष्ट्रपति वृंदावन स्थित निधिवन पहुंचीं और वहां भी काफी समय बिताया। इसके बाद उन्होंने सुदामा कुटी पहुंचकर गौ सेवा भी की। इसके बाद उनका होलीगेट क्षेत्र के अन्तापाड़ा स्थित प्राचीन श्रीकृष्ण कुब्जा भाव मंदिर पहुंचने का भी कार्यक्रम था। सदियों से उपेक्षित इस मंदिर को राष्ट्रपति के आगमन से राष्ट्रीय पहचान मिलेगी। राष्ट्रपति का यह दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मथुरा प्रशासन ने पहले ही कमर कस ली थी। मथुरा और वृंदावन की 47 सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंधित है। रेलवे स्टेशन, मंदिर परिसरों और प्रमुख मार्गों पर भारी सुरक्षा तैनाती है। उच्चाधिकारी से लेकर स्थानीय कर्मचारी तक आज सुबह तक तैयारियों में जुटे रहे ताकि राष्ट्रपति को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर को विदेशी फूलों से सजाया गया था वहीं श्रीकृष्ण कुब्जा भाव मंदिर में महंत आशीष चतुर्वेदी की देखरेख में पूजा की पूरी तैयारियां की गईं।

SP_Singh AURGURU Editor