राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिने जगत के सितारों से कहा,  समाज में रोशनी फैलाएं,   नुकसानदायक चीजों का प्रचार न करें

मंगलवार को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिनेमा के क्षेत्र में स्टार्स को सम्मानित किया। साथ ही, उन्होंने स्टार्स से अपील भी की कि वे किसी भी चीज का प्रचार न करें जो शरीर के लिए नुकसानदायक हो, युवा उन्हें फॉलो करते हैं, वे रोशनी फैलाएं।

Sep 22, 2026 - 21:58
 0
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिने जगत के सितारों से कहा,  समाज में रोशनी फैलाएं,   नुकसानदायक चीजों का प्रचार न करें

अहमदाबाद। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में सिनेमा के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वालों को सम्मानित किया। साथ ही, उन्होंने भारत के बड़े सितारों से अपील की कि वे ऐसी चीजों का प्रचार न करें जिनसे लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। राष्ट्रपति ने गुजरात के केवड़िया में भारतीय सिनेमा की बेहतरीन प्रतिभाओं को सम्मानित किया और समारोह के आखिर में एक अपील की।

उन्होंने कहा, 'बेहद लोकप्रिय फिल्मी कलाकारों में देश के लोगों, खासकर युवाओं को प्रभावित करने की बड़ी ताकत होती है। जब लोकप्रिय फिल्मी सितारे अनुशासित जीवनशैली के महत्व के बारे में बात करते हैं, तो लोग उस पर ध्यान देते हैं। लोग उनका अनुसरण करते हैं। मैं भारत के बड़े सितारों से गुजारिश करना चाहूंगी कि वे ऐसी किसी भी चीज का प्रचार न करें जो शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकती है। एक स्टार का काम रोशनी फैलाना होता है। अंधेरा नहीं।'

उन्होंने नेशनल अवॉर्ड्स के जूरी पैनल में महिलाओं की ज़्यादा भागीदारी की इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'आज सम्मानित होने वाले कलाकारों में ज़्यादातर महिलाएं हैं। इसलिए, फैसले लेने वाली जूरी में भी महिलाओं को शामिल किया जाना चाहिए। जिंदगी के हर पहलू में महिलाओं के नजरिए को शामिल करना जरूरी है।'

उन्होंने क्रिएटिव इकॉनमी में निचले स्तर पर काम करने वाले लोगों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि क्रिएटिव इकॉनमी के ऊंचे पायदान पर बैठे लोगों की यह जिम्मेदारी है कि वे मजदूरों, छोटे कलाकारों और संघर्ष कर रहे लोगों का ध्यान रखें और उनके प्रति संवेदनशील रहें, क्योंकि इन्हीं लोगों से क्रिएटिव इकॉनमी चलती है।

72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के सामने विजेताओं को सम्मान प्रदान किया। यह कार्यक्रम दोहपर 3 बजे शुरू हुआ। इस आयोजन में सबकी नजर यामी गौतम और कार्तिक आर्यन पर टिकी थी, जिन्‍हें बेस्‍ट एक्‍टर और बेस्‍ट एक्‍ट्रेस का अवॉर्ड मिला। इसके साथ ही भारतीय सिनेमा के सबसे बड़ा सम्‍मान 'दादा साहब फाल्‍के अवॉर्ड' द‍िग्‍गज एक्‍टर अनंत नाग को मिला, जिन्‍होंने पांच दशकों से अधिक के करियर में कन्नड़ समेत भारतीय सिनेमा में 300 से अध‍िक फिल्‍मों में काम किया है। 72वे राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार समारोह के शुरू होते ही सभी ने एक साथ खड़े होकर राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाया और इसके बाद कार्यक्रम की शुभ शुरुआत हुई।