आंदोलनकारी छात्र रांची विधानसभा के निकट डटे,  पुलिस के बल प्रयोग का असर नहीं, जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार

झारखंड में छात्रों का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है। सोमवार को छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में विधानसभा तक मार्च का आयोजन किया था लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें गेट नं 1 से खदेड़  दिया। पुलिस ने जम कर लाठियां भांजीं और आंसू गैस के गोले भी दागे। हालांकि छात्र समाचार लिखे जाने तक सायं आठ बजे तक विधानसभा के आसपास ही जमे थे और वहां से हटने को तैयार नहीं थे। इस बीच झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के सीआईडी की टीम ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। सीआईडी की टीम उनसे तीन दिन पूछताछ कर चुकी थी। उधर कांग्रेस और दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने वालों के समर्थकों ने खामोशी बरतना ही बेहतर समझा।

Aug 10, 2026 - 19:58
Aug 10, 2026 - 20:08
 0
आंदोलनकारी छात्र रांची विधानसभा के निकट डटे,  पुलिस के बल प्रयोग का असर नहीं, जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार

रांची। रांची में झारखंड विधानसभा के गेट पर डटे आंदोलनकारी छात्रों को अब पुलिस ने हटा दिया है। प्रदर्शनकारी छात्र नए विधानसभा परिसर के गेट नंबर-1 के बाहर मौजूद थे। पुलिस ने छात्रों पर जबर्दस्त  लाठीचार्ज किया। इसके बाद आंसू गैस के गोले भी दागे गए। अपुष्ट सूत्रों ने पेलेट गन के इस्तेमाल की भी बात कही है लेकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इसमें कुछ छात्र घायल हो गए। इनमें एक छात्र ने सबके सामने अपनी टीशर्ट उतारकर पीठ पर बने लाठी के निशान दिखाए। 

 झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ दो सप्ताह से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के सोमवार को प्रस्तावित ‘विधानसभा मार्च’ को देखते हुए पुलिस ने विधानसभा परिसर के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी थी और पूरे शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भाजपा के नेता अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू को नजरबंद कर दिया गया है।

रांची में प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस ने देर शाम विधानसभा गेट के पास से खदेड़ दिया । पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को खदेड़ कर जगन्राथ मंदिर बैरिकेडिंग के पास पहुंचा दिया गया ।

रांची में सीएम आवास के निकट प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए बीजेपी विधायकों ने खेलगांव परिसर में हंगामा शुरू कर दिया है। विधायकों का कहना है कि या तो हमें जेल भेज दिया जाए या फिर छोड़ा जाए।

रांची सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि प्रदर्शनकारियों में ऐसे कई लोग हैं, जो किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। वे न तो जेपीएससी सुधार मंच की बात सुन रहे हैं और न ही न्याय मंच की। वे किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि पहले यह विरोध प्रदर्शन काफी हद तक शांतिपूर्ण था, लेकिन अब यह इसे आयोजित करने वालों के नियंत्रण से बाहर हो गया है।

 विधानसभा की आखिरी बैरिकेडिंग टूटते ही प्रदर्शनकारी छात्र झारखंड विधानसभा के गेट नंबर एक बाहर प्रदर्शनकारी छात्र पहुंच गए। उन्हें रोकने के लिए तैनात पुलिस बल ने आंसू गैस के गोले दागना शुरू कर दिया है।

इधर भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी सीएम आवास का घेराव किया। इस दौरान सीएम आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। बीजेपी ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सुरक्षा घेरा को तोड़ने की कोशिश की गई। पुलिस ने बाबूलाल मरांडी सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया है।