स्वतंत्रता दिवस पर पुतिन का मोदी को खास संदेश, बोले- रूस और भारत सच्चे दोस्त, आपकी तरक्की है शानदार
स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए रूस के राष्ट्रपति ने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी क्षेत्रों में भारत की सफलता की तारीफ की है।
मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मूर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वतंत्रता दिवस की मुबारकबाद दी है। अपने बधाई संदेश में पुतिन ने मॉस्को और दिल्ली के बीच दोस्ती और मजबूत रिश्ते पर विशेष जोर दिया। 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने पर भारतवासियों को बधाई देते हुए पुतिन ने कहा कि रूस और भारत के संबंध एक खास और विशेषाधिकार वाली रणनीतिक साझेदारी की भावना के साथ सफलता से आगे बढ़ रहे हैं।
पुतिन ने भारत की तरक्की की तारीफ करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के हित में रूस के साथ दिल्ली के रिश्ते और मजबूत होंगे। पुतिन ने कहा कि भारत दुनियाभर में सही मायने में बहुत सम्मान पा रहा है। उन्होंने यूएन, एससीओ और ब्रिक्स में सहयोग का जिक्र करते हुए भरोसा जताया कि हमारे दोस्ताना लोगों के फायदे के लिए ये रिश्ते और मजबूत होंगे।
भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा कि रूस का समर्थन लगातार बना हुआ है। भारतीयों को बधाई देते हुए अलीपोव ने कहा कि देश के विकास का सपना हकीकत में बदलेगा। रूस का समर्थन भारत को बरकरार है और आगे भी बना रहेगा। उन्होंने जय हिंद और रूस-भारत की दोस्ती अमर रहे के साथ बात खत्म की।
आजादी के 80वीं सालगिरह के मौके पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी बधाई दी है। चीन, नेपाल, भूटान और दूसरे देशों से भी भारत के लिए बधाई आई है। सभी देशों ने भारत को बधाई देते हुए बेहतर रिश्ते कायम करने पर जोर दिया है।
इससे पहले रूस ने एक दिन पहले, 14 अगस्त को पाकिस्तान को भी स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पाकिस्तान को पैगाम भेजते हुए बेहतर रिश्ते पर जोर दिया। पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बनाए रखने के लिए रूस और पाकिस्तान के बीच ट्रेड और इकोनॉमिक सहयोग जारी रखने का भरोसा जताया।