राधे झूलन पधारो, घिर आए बदरा...श्रीजगन्नाथ जी मंदिर में फूल-पत्तों से सजे झूले में बिराजे राधा-कृष्ण

आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में झूलन महोत्सव भक्तिभाव और उल्लास के साथ मनाया गया। मोगरे के फूलों, अशोक और आम के पत्तों से सजे प्राकृतिक झूले में राधारानी संग कन्हैया के मनमोहक स्वरूप ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। संकीर्तन, कथा, आकर्षक झांकियों और फूल बंगले के बीच भक्तों में राधा-कृष्ण को झूला झुलाने की होड़ लगी रही। मंदिर में श्रीजगन्नाथ भगवान, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र का भी विशेष श्रृंगार किया गया।

Aug 23, 2026 - 19:20
 0
राधे झूलन पधारो, घिर आए बदरा...श्रीजगन्नाथ जी मंदिर में फूल-पत्तों से सजे झूले में बिराजे राधा-कृष्ण
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में रविवार को आयोजित झूलन महोत्सव में झूला झूलते राधा-कृष्ण।

मंदिर परिसर में ‘हरे राम हरे कृष्ण’ के संकीर्तन की भक्तिमय स्वर लहरियां गूंजती रहीं। चारों ओर फूलों की सुगंध और हरियाली की छटा के बीच भगवान श्रीकृष्ण को सिर पर मोर मुकुट और हाथों में बांसुरी धारण किए राधारानी के साथ झूले में विराजमान किया गया। भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ झूले की डोर थामकर ठाकुरजी को झूला झुलाया।

झूलन महोत्सव के तहत मंदिर में संकीर्तन, आकर्षक झांकियों और फूल बंगले का विशेष आयोजन किया गया। मोगरे के पुष्पों तथा अशोक और आम के पत्रों से सजाए गए झूले और फूल बंगले ने मंदिर परिसर को ब्रज की भक्ति और प्राकृतिक सौंदर्य से भर दिया।

28 अगस्त तक चलेगा झूलन महोत्सव

मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने श्रीकृष्ण जन्म कथा का वर्णन करते हुए बताया कि झूलन यात्रा महोत्सव 28 अगस्त तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में कथा, कीर्तन और फूल बंगले के आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं को प्रतिदिन भगवान के विभिन्न मनमोहक स्वरूपों के दर्शन का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर श्रीजगन्नाथ भगवान के साथ बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र का भी विशेष श्रृंगार किया गया। फूलों से महकते फूल बंगले और मनमोहक गुलाबी पोशाक में सजे भगवान के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए और भक्ति में लीन होकर भगवान के जयकारे लगाए।

कार्यक्रम में नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश, देव केशव और अदिति गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor