राहुल-प्रियंका गांधी को धरने से हटाया, पुलिस ने हिरासत में लिया, कई अन्य सांसद भी धरे गए
प्रदर्शन स्थल से दिल्ली पुलिस ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ ही कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल और अमरिंद सिंह राजा वड़िंग समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया। डीसीपी सचिन शर्मा भी आकाशवाणी भवन में मौजूद थे।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दे रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ ही कांग्रेस के कई नेताओं और समर्थकों को हिरासत में ले लिया। ये सभी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
इन सभी को उस वक्त हिरासत में लिया गया, जब करीब नौ घंटे से अधिक समय तक इंडिया ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग के कार्यालय के नजदीक पहुंचकर चुनाव आयुक्तों के साथ बैठक की मांग कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने कहा कि करीब 50 सांसदों के साथ 250 लोगों को हिरासत में लेकर नई दिल्ली पुलिस लाइन किंग्सवे कैम्प ले जाया जा रहा है।
इसके साथ ही, वे वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सवाल उठा रहे थे। चुनाव प्रणाली में कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में मंगलवार दोपहर से ही धरने पर बैठे थे। पुलिस रात करीब आठ बजे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस तथा कुछ सहयोगी दलों के नेताओं को हिरासत में लेकर बस में बैठाकर ले गई।
इससे पहले, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के सांसदों ने मंगलवार को संसद मार्ग से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और कई सांसदों तथा नेताओं को हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंचने की कोशिश में आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए और एक पेड़ के नीचे बैठ गए थे।
विपक्षी दलों की मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाया जाए और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द किया जाए। प्रदर्शन स्थल से दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल और अमरिंद सिंह राजा वड़िंग समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब के साथ ही एनएसयूआई और कई यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आकाशवाणी भवन के बाहर से हिरासत में लिया।