एसटीएफ के एसपी राकेश यादव को राष्ट्रपति पुलिस गैलेंट्री मेडल
एसटीएफ के एसपी राकेश यादव को अपराध, माफिया नेटवर्क, परीक्षा घोटालों, साइबर अपराध और देशविरोधी गतिविधियों के खिलाफ उत्कृष्ट और साहसिक कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति पुलिस गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस 2026 पर मिलने वाला यह सम्मान उनकी टीम के समर्पण और प्रभावी नेतृत्व का प्रमाण है।
गणतंत्र दिवस 2026 पर होगा सम्मान, अपराधियों के खिलाफ बेखौफ कार्रवाई की मिली बड़ी पहचान
लखनऊ । उत्तर प्रदेश एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) के एसपी राकेश यादव को उनकी असाधारण बहादुरी, उत्कृष्ट नेतृत्व और संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति पुलिस गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।
एसपी राकेश यादव ने अपने कार्यकाल में अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कई बड़े और हाई-प्रोफाइल मामलों का खुलासा किया। उनकी अगुवाई में एसटीएफ ने न केवल संगठित अपराधियों और माफिया नेटवर्क पर शिकंजा कसा, बल्कि परीक्षा घोटालों, पेपर लीक, भर्ती स्कैम और साइबर अपराध जैसे जटिल मामलों में भी बड़ी सफलता हासिल की।
परीक्षा घोटालों से लेकर माफिया नेटवर्क तक कार्रवाई
एसपी राकेश यादव के नेतृत्व में एसटीएफ ने पुलिस भर्ती स्कैम, बीएएमएस पेपर लीक, और दवा घोटाले जैसे मामलों का पर्दाफाश कर प्रदेश और देशभर में सुर्खियां बटोरीं। इन कार्रवाइयों से नकल माफिया और भ्रष्ट तंत्र की कमर टूट गई। इसके अलावा कुख्यात अपराधी मोनू पंडित और उसके नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई करते हुए संगठित अपराध के खिलाफ एसटीएफ की सख्त छवि को और मजबूत किया गया।
माफिया, इनामी बदमाश और अवैध हथियार स्कैम पर प्रहार
एसटीएफ ने मुख्तार अंसारी से जुड़े अवैध हथियार स्कैम का खुलासा कर माफिया नेटवर्क की गहरी जड़ों को उजागर किया। वहीं, 50 हजार के इनामी बदमाश विनय श्रोतिया और कुख्यात अपराधी जीतू ठाकुर को मुठभेड़ में ढेर कर कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त संदेश दिया गया।
देशविरोधी तत्वों और साइबर अपराध पर बड़ी चोट
एसपी राकेश यादव के नेतृत्व में एसटीएफ ने आर्मी इंटेलिजेंस के साथ समन्वय कर देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर भी प्रभावी कार्रवाई की। साथ ही, साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियानों में कई बड़े गिरोहों का भंडाफोड़ किया गया।
सम्मान पूरी टीम की मेहनत का परिणाम
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी राकेश यादव ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस गैलेंट्री मेडल मिलना मेरे लिए गर्व की बात है, लेकिन यह सम्मान अकेले मेरा नहीं, बल्कि पूरी एसटीएफ टीम की कड़ी मेहनत, साहस और समर्पण का परिणाम है। हम आगे भी अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी मजबूती से काम करते रहेंगे। यह सम्मान न केवल एसपी राकेश यादव की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उत्तर प्रदेश एसटीएफ की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।