आगरा में व्यापारी की दो कुंतल चांदी में से 48 किलो चांदी की लूट का खुलासा, पूर्व बस ड्राइवर समेत पांच गिरफ्तार, 16 किलो चांदी और कार बरामद

आगरा। रकाबगंज थाना पुलिस ने चांदी लूटकांड का खुलासा करते हुए पूर्व बस ड्राइवर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में बनारस के व्यापारी के लिए संजय ट्रेवल्स की बस से भेजी गई करीब दो कुंतल चांदी में से 48 किलो चांदी मिलीभगत से लूट ली गई थी। आरोपियों ने इटावा के पास सफारी गाड़ी से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 किलो चांदी, चार मोबाइल फोन, दो गाड़ियां और 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में महिंद्रा एक्सयूवी कार भी शामिल है। मामले में गोविंद गुप्ता से पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

Oct 9, 2026 - 21:04
 0
आगरा में व्यापारी की दो कुंतल चांदी में से 48 किलो चांदी की लूट का खुलासा, पूर्व बस ड्राइवर समेत पांच गिरफ्तार, 16 किलो चांदी और कार बरामद
चांदी लूटकांड में पकड़े गये आरोपी और उनके बारे में जानकारी देते एडीसीपी मनोज कुमार। साथ है पुलिस टीम।

एडीसीपी मनोज कुमार ने बताया कि चांदी लूटकांड में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि संजय ट्रेवल्स की बस से बनारस के व्यापारी के लिए चांदी भेजी गई थी। चांदी से भरे कट्टे बस की सीट के नीचे रखकर ले जाए जाते थे। इसी व्यवस्था की जानकारी रखने वाले पूर्व बस ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, इटावा के पास सफारी गाड़ी का इस्तेमाल कर चांदी की खेप से करीब 48 किलो चांदी निकाल ली गई। 27 तारीख को चांदी की खेप रिसीव होने के बाद चोरी का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाए।

मध्य प्रदेश में चांदी गलवाने की बात आई सामने

जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि चोरी की चांदी को मध्य प्रदेश में गलवाने की बात कही गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 किलो चांदी बरामद की है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, दो गाड़ियां और 50 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामदगी और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

गोविंद गुप्ता से पूछताछ में मिले सुराग

पुलिस के मुताबिक, गोविंद गुप्ता से पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनसे चांदी लूटकांड का खुलासा करने में मदद मिली। मामले में बैजनाथ और उसके साथियों पर वारदात में शामिल होने का आरोप है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor