दक्षिण की फिल्मों में धूम मचा रही हैं रुक्मिणी वसंत

 कन्‍नड़ स‍िनेमा की हसीना रुक्मिणी वसंत साउथ में धूम मचा रही है। 'कांतारा चैप्‍टर 1' के बाद अब उनकी झोली में 'टॉक्‍स‍िक' और प्रशांत नील-जूनियर एनटीआर की 'ड्रैगन' भी है।

Sep 1, 2025 - 20:52
 0
दक्षिण की फिल्मों में धूम मचा रही हैं रुक्मिणी वसंत


बेंगलुरू। कन्नड़ सिनेमा की बेहद हसीन एक्‍ट्रेस रुक्मिणी वसंत के सितारे इन दिनों 9वें आसमान पर हैं। 28 साल की इस हसीना ने छह साल पहले 2019 में एक्‍ट‍िंग करियर की शरुआत की थी। अब ऐसा लग रहा है कि वह साउथ सिनेमा की सबसे बड़ी सुपरस्‍टार बनने की तैयारी में हैं। पिछले दिनों ऋ‍षभ शेट्टी की 'कांतारा चैप्‍टर 1' में उनकी एंट्री ने सुर्ख‍ियां बटोरी थीं, वहीं अब प्रोड्यूसर एनवी प्रसाद ने खुलासा किया है कि रुक्‍म‍िणी यश स्‍टारर 'टॉक्‍सिक' और प्रशांत नील-जूनियर एनटीआर की फिल्‍म 'ड्रैगन' में भी लीड रोल में नजर आएंगी। खास बात यह है कि रुक्‍म‍िणी इन दिनों एआर मुरुगदॉस के साथ अपनी फिल्‍म 'मधरासी' के प्रमोशन में भी जुटी हुई हैं।

एनवी प्रसाद ने यह घोषणा शिवकार्तिकेयन और रुक्‍म‍िणी स्‍टारर तमिल फिल्म 'मधरासी' के प्रमोशन इवेंट में की है। उन्‍होंने बताया कि एक्‍ट्रेस को प्रशांत नील के डायरेक्‍शन में बन रही जूनियर एनटीआर स्‍टारर एक्शन ड्रामा 'ड्रैगन' और गीतू मोहनदास निर्देश‍ित 'टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' में भी कास्‍ट किया गया है।  

रुक्मिणी वसंत का नाम पिछले कुछ समय से 'एनटीआर-नील' प्रोजेक्ट को लेकर लगातार चर्चा में था। सोशल मीडिया पर इसको लेकर तमाम तरह की रिपोर्ट आ रही थी। हालांकि, निर्माताओं ने इससे पहले कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। यकीनन अगला साल 2026 रुक्मिणी वसंत के लिए बेहद खास होने वाला है।

साल 2019 में अपने करियर की शुरुआत करने वाली रुक्मिणी वसंत 10 दिसंबर 1996 को बेंगलुरु में पैदा हुई हैं। उनकी डेब्‍यू फिल्‍म 'बिरबल' थी, जिसमें वह एमजी श्रीनिवास के साथ नजर आईं। साल 2023 में हेमंत एम राव के डायरेक्‍शन में बनी 'सप्त सागरदाचे एलो' से रुक्‍म‍िणी को पॉपुलैरिटी मिली। इसमें उनके साथ रक्ष‍ित शेट्टी थे।

रुक्मिणी वसंत ने इसके अलावा 'बनादारियाल्ली', 'बघीरा' और 'भैरथी रानागल' जैसी बड़े बैनर वाली कन्नड़ फ‍िल्मों में काम किया है। उन्होंने 'अप्पुडो इप्पुडो एप्पुडो' और 'ऐस' जैसी फिल्‍मों से तेलुगू और तमिल इंडस्‍ट्री में भी कदम रखा। अब उनकी शिवकार्तिकेयन स्‍टारर 'मधरासी' इसी शुक्रवार, 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

कन्नड़, तमिल और तेलुगू सिनेमा में रुक्मिणी वसंत ने बड़ी तेजी से पॉपुलैरिटी हासिल की है। कन्नड़ परिवार में पैदा हुईं एक्‍ट्रेस के पिता शहीद कर्नल वसंत वेणुगोपाल थे। वह कर्नाटक के पहले ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्हें भारत के सर्वोच्च शांतिकालीन सैन्य सम्मान, अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। वह 2007 में जम्मू और कश्मीर के उरी में भारत-पाकिस्तान सीमा पार करने वाले घुसपैठियों को रोकते हुए युद्ध में शहीद हो गए थे।

रुक्‍म‍िणी की मां सुभाषिनी वसंत, एक मशहूर भरतनाट्यम नृत्यांगना हैं। वह कर्नाटक में युद्ध विधवाओं की सहायता के लिए एक फाउंडेशन भी चलाती हैं। रुक्मिणी की शिक्षा आर्मी स्कूल, एयर फोर्स स्कूल और सेंटर फॉर लर्निंग से हुई। उन्होंने लंदन के ब्लूम्सबरी स्थित रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट्स से एक्‍ट‍िंग की डिग्री ली है।