एशिया कप में संजू सैमसन ओपनर नहीं होंगे, उतर सकते है मध्य क्रम में
शुभमन गिल के टीम में आने के बाद बैटिंग क्रम को लेकर बहस जारी है। संजू सैमसन एशिया कप की तैयारी के लिए केरल क्रिकेट लीग में उन्होंने छठे नंबर पर बल्लेबाजी की, जहां वे असहज दिखे और 22 गेंदों में सिर्फ 13 रन बना पाए।
नई दिल्ली। भारतीय टीम में शुभमन गिल को शामिल किए जाने के बाद से ही बैटिंग कॉम्बिनेशन को लेकर बहस जारी है। क्या संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी? क्या शुभमन गिल ओपन करेंगे या तीसरे क्रम पर उतरेंगे? हालांकि इस तरह के सवालों का जवाब अब संजू ने खुद दे दिया है। भारत की पिछली तीन टी20I सीरीज से ओपनिंग की सफल जिम्मेदारी संभालने के बाद अब एक बार फिर संजू मिडिल ऑर्डर में लौटेंगे।
एशिया कप की तैयारियों के तहत संजू केरल क्रिकेट लीग में खेलने उतरे और उन्होंने छठे क्रम पर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कुछ दिनों पहले भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावसकर ने सुझाव दिया था कि संजू को नंबर 6 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। उस वक्त यह बात ज्यादातर लोगों को ठीक नहीं लगी। लेकिन जल्द ही संजू ने कोच्चि ब्लूटाइगर्स के लिए अपने पहले मैच में नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि इस मैच में उनकी बैटिंग नहीं आई, लेकिन अगले मैच में उन्हें छठे नंबर पर बैटिंग करने का मौका मिला। नए क्रम पर संजू थोड़े असहज दिखे और 22 गेंदों में केवल 13 रन बनाकर आउट हो गए।
पहले मैच से पहले खबर आई थी कि संजू अस्वस्थ थे और अस्पताल भी गए थे। कयास लगाए गए कि तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से उन्होंने पांचवें नंबर पर बैटिंग की। लेकिन दूसरे मैच में उनके छठे नंबर पर उतरते ही साफ हो गया कि यह सब योजना के तहत है। संभव है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट ने उन्हें बता दिया हो कि टॉप ऑर्डर में मौका नहीं मिलेगा। अलप्पी रिपल्स के खिलाफ खेले गए मैच में संजू तब मैदान पर उतरे जब टीम का स्कोर 9 ओवर में 108/4 था। उनके आने के बाद रनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। उन्होंने एक भी चौका नहीं लगाया, यहां तक कि एक भी रन दौड़कर नहीं लिया। उनकी पारी पूरी तरह एकतरफा रही या तो सिंगल लिया या डॉट खेला।
रिपोर्ट के अनुसार संजू ने बुखार होने के बावजूद मैच खेला। वहीं, दूसरी ओर ओपनिंग पोजिशन पर संजू के प्रतिद्वंद्वी शुभमन गिल के भी अस्वस्थ होने की खबर है। इस कारण भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान का दलीप ट्रॉफी में खेलना भी मुश्किल नजर आ रहा है।