छावनी क्षेत्र में निकली संत रविदास की रज कलश यात्रा, मंदिरों में हुए दर्शन-पूजन; जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत
आगरा। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर बनारस से आगरा पहुंची रज कलश यात्रा का सोमवार को छावनी विधानसभा क्षेत्र के रावली मंडल में भ्रमण हुआ। महानगर भाजपा अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और क्षेत्रीय विधायक डॉ. जीएस धर्मेश के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा का अभिनंदन किया। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने कलश के दर्शन कर आरती उतारी और संत रविदास को नमन किया।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।
रज कलश यात्रा का पहला पड़ाव तेवेस्वर महादेव मंदिर रहा। इसके बाद यात्रा कैला देवी मंदिर, शिव मंदिर, हनुमान मंदिर और रावली महादेव मंदिर पहुंची। विभिन्न मंदिरों में कलश के दर्शन कराए गए और विधिवत आरती की गई। इस दौरान मंडल के निवासियों, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक वर्ग के लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
कलश यात्रा के आगमन पर जगह-जगह श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की। ढोल-नगाड़ों के बीच निकली यात्रा के दौरान संत रविदास महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्थानीय लोगों ने कलश यात्रा में शामिल संत परंपरा और सामाजिक समरसता के संदेश को श्रद्धा के साथ नमन किया।
कार्यक्रम में अशोक पिप्पल, महेश शर्मा, संयोजक राहुल सागर, राजू परमार, रावली मंडल अध्यक्ष विवेक लोधी, रमा शर्मा, राहुल वैध सहित दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।