आगरा के पिनाहट क्षेत्र में सनसनीखेज वारदातः शादी का दबाव बनाने को प्रेमिका के 13 वर्षीय भाई का अपहरण! चाकू की नोक पर घर से उठा ले गया सिरफिरा आशिक, पुलिस अलर्ट

-नीरज परिहार- आगरा। प्रेम प्रसंग में शादी का दबाव बनाने के लिए एक सिरफिरे युवक द्वारा प्रेमिका के 13 वर्षीय भाई के कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक चाकू लेकर घर में घुसा और परिवार को धमकाते हुए किशोर को अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Jul 5, 2026 - 21:14
 0
आगरा के पिनाहट क्षेत्र में सनसनीखेज वारदातः शादी का दबाव बनाने को प्रेमिका के 13 वर्षीय भाई का अपहरण! चाकू की नोक पर घर से उठा ले गया सिरफिरा आशिक, पुलिस अलर्ट

घटना थाना पिनाहट क्षेत्र के एक मोहल्ले की है। परिजनों के अनुसार आरोपी युवक मौसिम का उनकी बेटी से पहले से परिचय था और वह उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। परिवार द्वारा विरोध किए जाने के बाद आरोपी लगातार धमकियां दे रहा था। इसी मामले को लेकर एक साल पहले पंचायत भी हुई थी। 

आरोप है कि इसी क्रम में युवक चाकू लेकर घर में घुस आया और परिवार के लोगों को डराते-धमकाते हुए प्रेमिका के 13 वर्षीय भाई को जबरन अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

शिकायत के आधार पर थाना पिनाहट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और किशोर की लोकेशन का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने किशोर की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा दिखाई दे रहा है, लेकिन सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। किशोर की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor