बरेली में चोरी करने घुसे बदमाशों की शर्मनाक करतूत: सोती महिला से की अश्लील हरकत, विरोध पर बच्ची को पटककर पति को बनाया बंधक

-आरके सिंह- बरेली। शहर में चोरी की नीयत से घर में घुसे चार बदमाशों की हैवानियत सामने आई है। आरोप है कि घर में गहरी नींद में सो रही महिला को देखकर एक बदमाश ने चोरी करने के बजाय उसके साथ अश्लील हरकत की और उसके चेहरे पर जबरन चुंबन कर दिया। महिला के शोर मचाने पर बदमाशों ने तीन वर्षीय बच्ची को चारपाई पर पटक दिया और पति को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने की आहट मिलते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jun 17, 2026 - 18:46
 0
बरेली में चोरी करने घुसे बदमाशों की शर्मनाक करतूत: सोती महिला से की अश्लील हरकत, विरोध पर बच्ची को पटककर पति को बनाया बंधक
प्रतीकात्मक इमेज।

कैंट थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। पीड़ित 30 वर्षीय युवक ने पुलिस को बताया कि वह एक सिलाई फैक्ट्री में काम करता है। रविवार रात वह ड्यूटी से लौटकर परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो गया। उसकी 28 वर्षीय पत्नी अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी, जबकि वह अलग कमरे में सो गया। जल्दबाजी में वह घर का मुख्य दरवाजा बंद करना भूल गया था।

रात करीब तीन बजे चार बदमाश खुले दरवाजे से घर में घुस आए। आरोप है कि उनमें से एक बदमाश महिला के कमरे में पहुंचा और गहरी नींद में सो रही महिला के चेहरे पर जबरन चुंबन कर अश्लील हरकत करने लगा। महिला की नींद खुलते ही उसने शोर मचा दिया।

महिला के चीखने पर अन्य बदमाश भी कमरे में पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने महिला की गोद से तीन वर्षीय बच्ची को छीनकर चारपाई पर पटक दिया। इसके बाद महिला के गले में गमछे का फंदा डालकर उसे डराने का प्रयास किया।

शोर सुनकर जब पति मौके पर पहुंचा तो बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया और उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी के बारे में पूछते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच महिला बच्ची को लेकर किसी तरह घर से बाहर निकल गई। उसी समय सड़क पर पुलिस वाहन की आहट मिलने पर उसने जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर चारों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कैंट थाने में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

क्षेत्राधिकारी सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बुधवार को बताया कि घटना रविवार रात की है। प्रारंभिक जांच में पीड़ित परिवार ने किसी से भी रंजिश होने से इनकार किया है। परिवार ने पुलिस को बताया कि घर के पास एक पेड़ के नीचे अक्सर कुछ लोग बैठकर नशा करते हैं। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

उन्होंने बताया कि आसपास लगे करीब 10 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है और अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रभारी निरीक्षक कैंट संजय धीर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor