श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को दान में मिलीं 5 बायपेप मशीनें, स्वजनों की स्मृति में परिवारों ने बढ़ाया मदद का हाथ
आगरा। सामाजिक सेवा और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को मरीजों की सेवा के लिए पांच बायपेप (Bi PAP) मशीनें दान स्वरूप प्राप्त हुई हैं। इन मशीनों के उपलब्ध होने से अब जरूरतमंद मरीजों को श्वसन संबंधी आपात परिस्थितियों में अधिक त्वरित और बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
रविवार को दानदाताओं ने ताजगंज स्थित समिति के विद्युत शवदाहगृह परिसर में संचालित अस्थायी कार्यालय पहुंचकर मशीनें समिति के अध्यक्ष अनिल जिंदल एवं महासचिव राजीव अग्रवाल को भेंट कीं।
दानदाताओं में तारघर निवासी श्रीमती आशा गोयल एवं उनके पुत्र नितिन गोयल ने अपने स्वर्गीय पिता प्रभात गोयल की पुण्य स्मृति में तीन बायपेप मशीनें दान कीं। वहीं कारगिल पेट्रोल पंप के पास निवासी उमा देवी अग्रवाल ने अपने दिवंगत पति स्वर्गीय राधा रमण अग्रवाल (लोहा मंडी) की स्मृति में दो बायपेप मशीनें समिति को समर्पित कीं।
समिति के अध्यक्ष अनिल जिंदल एवं महासचिव राजीव अग्रवाल ने दानदाता परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही सेवा कार्यों को मजबूती मिलती है। ऐसे सहयोग से अनेक जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में मदद मिलेगी।
समिति के मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि अब तक समिति के पास केवल एक बायपेप मशीन उपलब्ध थी, जिसके कारण कई बार मांग अधिक होने पर परेशानी का सामना करना पड़ता था। पांच नई मशीनें मिलने के बाद अब मरीजों को यह सुविधा अधिक सुगमता और समय पर उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इस अवसर पर दानदाता परिवारों के साथ समिति के विष्णु गर्ग, ताराचंद गोयल, राकेश कुमार अग्रवाल, संजीव गुप्ता, राकेश गर्ग, मनोज शर्मा, विपिन जिंदल, किशन कुमार अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।