श्री महालक्ष्मी भक्तमंडल का कृष्ण जन्माष्टमी पर तीन दिवसीय उत्सव, भजन संध्या भी होगी
आगरा। श्री महालक्ष्मी भक्तमंडल परिवार द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जनक पार्क में तीन दिवसीय भव्य उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को कमला नगर स्थित आयोजन समिति के कार्यालय में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, संयोजक नितिन कोहली, भाजपा नेता गिर्राज बंसल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत 14 अगस्त को सुबह 10 बजे भूमि पूजन और हवन से होगी। 16 अगस्त को शाम 5 बजे बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्री राधाकृष्ण प्रतियोगिता आयोजित होगी। 17 अगस्त की शाम 7 बजे बांके बिहारी जी के नाम भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें टी-सीरीज के भजन सम्राट रामकुमार लक्खा, सुप्रसिद्ध गायक राजू बाबरा और कोमल शर्मा मधुर सुरों से भक्तिमय माहौल बनाएंगे।
भजन संध्या से पहले दोपहर में गोवर्धन के दानघाटी मंदिर से आई श्री गिर्राज जी की शिला का महाअभिषेक किया जाएगा। उसके बाद गिर्राज जी श्रृंगार के भव्य दर्शन होंगे।
महालक्ष्मी मंदिर ट्रस्टी अनुज कपूर ने आयोजकों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर संरक्षक मोहन गर्ग, संस्थापक विकास मित्तल, महामंत्री अतुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता समेत अनेक प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।