सतत सेवा के छह सालः त्रैमासिक चिकित्सा शिविर में 300 से अधिक विशेष बच्चों को मिला उपचार

आगरा। श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा द्वारा विशेष बच्चों के लिए चलाई जा रही निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा सेवा अपने छठे वर्ष में सफलतापूर्वक प्रवेश कर चुकी है। इस सेवा परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए रे ऑफ होप होम्योपैथिक वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से रविवार को बल्केश्वर स्थित श्री गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में त्रैमासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

Jan 11, 2026 - 20:33
 0
सतत सेवा के छह सालः त्रैमासिक चिकित्सा शिविर में 300 से अधिक विशेष बच्चों को मिला उपचार
बल्केश्वर स्थित श्री गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में आयोजित त्रैमासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में विशेष बच्चों की जांच करते डॉ. शिव शंकर मितवार। साथ में श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल एवं अन्य।

शिविर में 300 से अधिक शारीरिक एवं मानसिक रूप से विशेष बच्चों का निःशुल्क परीक्षण, परामर्श एवं उपचार किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मानसिक पक्षाघात, शारीरिक पक्षाघात, अनुवांशिक रोग, भेंगापन, अविकसित बच्चे, डीएमडी (ड्यूशेन मस्कुलर डिस्ट्रॉफी), उदंड व्यवहार, अंधापन एवं बहरापन जैसे जटिल रोगों से पीड़ित बच्चों की गहन जांच की। सभी रोगियों को निःशुल्क तीन माह की होम्योपैथिक दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं, ताकि उपचार निरंतर और प्रभावी रूप से जारी रह सके।

शिविर में आए बच्चों और उनके परिजनों के लिए श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार की ओर से भोजन की समुचित व्यवस्था की गई।

चिकित्सा शिविर में डॉ. शिव शंकर मितवार, डॉ. नितिन वर्मा, डॉ. अंकित त्यागी, डॉ. ललित गोला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. भूपेंद्र सिंह, डॉ. शिवा, डॉ. गौरव, डॉ. प्रतिभा शर्मा, डॉ. ज्योति चौधरी, डॉ. निशांत, डॉ. दिशा, डॉ. शुभम और डॉ. रेशमा सहित लगभग 80 सदस्यीय चिकित्सक एवं स्वयंसेवक टीम ने अपनी सेवाएं दीं।

SP_Singh AURGURU Editor