मासूम की मौत पर एसएन मेडिकल कॉलेज में सपा का हंगामा, प्राचार्य का घेराव, पुलिस से तीखी नोकझोंक
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज के वार्ड की छत से प्लास्टर गिरने की घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में शनिवार को कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्राचार्य का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। सपा ने घटना को अस्पताल प्रशासन और रखरखाव व्यवस्था की गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई और मृतक बच्चे के परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
शब्बीर अब्बास ने कहा कि इलाज कराने आये मासूम पर अस्पताल की छत से प्लास्टर गिर पड़ा। इलाज के दौरान इस बालक की मौत का कारण कॊलेज प्रशासन ने गंभीर बीमारी बताया है, लेकिन सपा इसके लिए हादसे को जिम्मेदार मानते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि 1854 में स्थापित एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा मंडल के करीब दो करोड़ लोगों के लिए प्रमुख सरकारी अस्पताल है। यहां प्रतिदिन चार से पांच हजार मरीज आते हैं और 1,500 से अधिक बेड हैं, इसके बावजूद कई वार्डों की छतें जर्जर हैं तथा प्लास्टर गिरने, साफ-सफाई, बिजली, पानी और शौचालय जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मरीजों को दवाएं और जांच तक बाहर से कराने के लिए मजबूर होना पड़ता है। सपा नेताओं ने कहा कि अस्पताल जैसे स्थान पर मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सपा ने घटना के लिए जिम्मेदार अभियंताओं, निर्माण एजेंसी तथा रखरखाव से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इसके अलावा मासूम की मौत की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।
पार्टी ने एसएन मेडिकल कॉलेज की सभी जर्जर इमारतों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराने और मरम्मत कराने तथा मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक खतरनाक वार्डों को बंद करने की मांग भी की।
प्रदर्शन में नरेन्द्र सिंह धाकड़, पुष्पेंद्र शर्मा, मनोज गुप्ता, प्रमोद यादव, राहुल चौधरी, नरेंद्र सिंह नंद, जिया चौधरी, चौधरी फरहान, जमील खान, नितिन वर्मा, सोमेश गुप्ता, गिरीश गोयल, इरफान उस्मानी, रहीस खान, रोहित नासिर, ॐ पंडित, जमील सिद्दीकी, राजीव सविता, हरेश प्रजापति, पठान कुरैशी, विजय प्रताप सिंह, समीर अहमद नेता, मयंक यादव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।