छावनी विधान सभा क्षेत्र के लिए सपा ने कसी कमर, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की बनाई रणनीति
आगरा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने छावनी विधानसभा क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में छावनी विधानसभा क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक ताजगंज स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, प्रत्येक बूथ पर प्रभावी टीम तैयार करने और पार्टी की नीतियों एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए छावनी विधानसभा क्षेत्र में संगठन की सक्रियता बढ़ाने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों से कहा गया कि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाए, ताकि चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा छावनी विधानसभा को मजबूत करने के लिए नियुक्त किए गए पांच प्रभारियों को बैठक में अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान छावनी विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राजपाल यादव, कादिर कुरैशी, बलविंदर सिंह जाटव, छावनी विधानसभा अध्यक्ष श्री अमीर सिंह फौजदार, डॉ. नरेंद्र धाकड़, ओम पंडित, जगबीर सिंह इंदौलिया, मुबीन उस्मानी, जमील खान, देवेंद्र सिंह राठौड़, नसीम खातून, आजाद सिंह वाल्मीकि, संजय सिंह माहौर, आमिर कुरैशी और राजीव सविता सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।