सपा ने सनातन और साधु-संतों को बदनाम करने की सुपारी ली, भूपेंद्र चौधरी का सपा पर तीखा हमला

आगरा के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बुधवार को सपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सनातन, हिंदू संस्कृति और साधु-संतों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। राम मंदिर को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस बात का कष्ट है कि उसके विरोध के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बन गया। सपा के PDA पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताया। वहीं, आगरा में बारिश के बाद धंस रही सड़कों के लिए पुरानी सीवर और पेयजल लाइनों से हो रहे जल रिसाव को कारण बताते हुए तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए जाने की बात कही। जेवर एयरपोर्ट के जलभराव पर भी सरकार द्वारा कार्ययोजना बनाए जाने की जानकारी दी।

Aug 12, 2026 - 18:41
 0
सपा ने सनातन और साधु-संतों को बदनाम करने की सुपारी ली, भूपेंद्र चौधरी का सपा पर तीखा हमला
जनता की समस्याओं को सुनते प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र चौधरी।

आगरा प्रभारी मंत्री बोले- ‘सपा का पीडीए यानी परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी, इससे आगे नहीं निकल पाएंगे’

आगरा। उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री और आगरा के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। बुधवार को आगरा पहुंचे प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने सपा के साथ-साथ उसके पीडीए (PDA) के नारे और राम मंदिर से जुड़े विवाद को लेकर भी तीखे आरोप लगाए। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा ने सनातन, हिंदू संस्कृति, परंपरा और साधु-संतों को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस का प्रयास रहा है कि समाज में सनातन और हिंदू आस्था के प्रति अनास्था पैदा की जाए।

‘इनको कष्ट है कि राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर कैसे बन गया’

राम मंदिर से जुड़े विवाद पर प्रभारी मंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों को इस बात का कष्ट है कि उनके न चाहने के बावजूद भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर कैसे बन गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का एजेंडा हिंदू संस्कृति, परंपरा, आस्था, सनातन और साधु-संतों के प्रति समाज के विश्वास को कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने संबंधित मामलों में एसआईटी गठित कर जांच कराई और जांच में जो लोग दोषी पाए गए, उन्हें जेल भेजा गया।

पीडीए पर चौधरी का तंज- ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’

सपा के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण पर भी भूपेंद्र सिंह चौधरी ने करारा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए अब जनता के सामने पूरी तरह जगजाहिर हो चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सपा के पीडीए का असली अर्थ परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है।” उन्होंने कहा कि सपा इससे आगे नहीं निकल पाएगी और पार्टी भ्रमित है।

‘सपा की सरकार में आने की संभावनाएं लंबे समय तक नहीं’

सपा के सत्ता में वापसी के दावों पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि सपने देखने पर कोई पाबंदी नहीं है। उन्होंने कहा कि “सपने कोई भी देख सकता है, ये लोग भी सपने देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अवैध काम किए और गैरकानूनी गतिविधियों में जिनकी संलिप्तता सामने आई, वे कोर्ट के आदेश के बाद जेल में हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा की सरकार में आने की संभावनाएं लंबे समय तक नहीं हैं।

आगरा की धंसती सड़कों पर बोले- पुरानी सीवर और पेयजल लाइन बनी वजह

आगरा में बारिश के दौरान लगातार धंस रही सड़कों को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कुछ स्थानों पर पुरानी सीवर और पेयजल लाइनों में शिकायतें सामने आई हैं। जल रिसाव के कारण कुछ जगहों पर सड़कें धंसने की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई है और संबंधित अधिकारियों को धंसी हुई सड़कों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायतों पर कार्रवाई भी की गई है।

जेवर एयरपोर्ट पर जलभराव को बनेगी कार्ययोजना

बारिश के दौरान जेवर एयरपोर्ट पर जलभराव के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि अत्यधिक जलभराव से कुछ समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई और जनप्रतिनिधियों ने जलभराव की समस्या को उठाया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों, इसके लिए सरकार कार्ययोजना तैयार कर रही है।

विकास और कानून व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

आगरा के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी बुधवार को जिले के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करने पहुंचे थे। समीक्षा बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं, बारिश से पैदा हुई समस्याओं, सड़कों की स्थिति और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद उन्होंने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोला और सरकार की ओर से समस्याओं के समाधान के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।