उद्योग-व्यापार की बदहाली पर सपा का हमला, 12 अगस्त को मंडलीय सम्मेलन में गरजेंगे सपा के व्यापारी नेता
आगरा। भाजपा शासन के पिछले 9.5 वर्षों में उत्तर प्रदेश में उद्योग-धंधों की स्थिति लगातार कमजोर होने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने व्यापारी वर्ग की समस्याओं को लेकर सरकार पर हमला बोला है। सपा व्यापार सभा का कहना है कि नए उद्योग स्थापित होने के बजाय बड़ी संख्या में उद्योग एवं व्यापारिक इकाइयां बंद हुई हैं और कई कारोबारी दूसरे प्रदेशों की ओर पलायन को मजबूर हुए हैं। इसी मुद्दे को लेकर 12 अगस्त को विजय नगर, रिंग रोड स्थित नवरंग भवन में व्यापारी मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
फतेहाबाद रोड स्थित सपा जिला कार्यालय में आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल मुख्य अतिथि होंगे। सम्मेलन में आगरा मंडल के उद्योगों एवं व्यापारियों की समस्याओं, व्यापार को बढ़ावा देने, सरकारी उत्पीड़न रोकने और व्यापारी समाज को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
मनोज गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक है और सरकारी नीतियों में बढ़ते भ्रष्टाचार के कारण व्यापारी वर्ग का उत्पीड़न बढ़ा है। आगरा के उद्योग और व्यापार को मजबूत किए बिना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति नहीं दी जा सकती। सरकार को व्यापारियों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना होगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों, महंगाई, नोटिस, चालान तथा सरकारी विभागों की कार्रवाई और वसूली के कारण छोटे और मध्यम वर्गीय व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों में असुरक्षा और आर्थिक परेशानी बढ़ रही है। इसी के तहत पूरे प्रदेश में व्यापारी मंडलीय सम्मेलन आयोजित कर व्यापारी हितों की आवाज बुलंद की जा रही है।
सम्मेलन में व्यापारियों को समाजवादी व्यापार सभा से जोड़ने, संगठन को मंडल स्तर पर मजबूत करने और व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में सपा व्यापार सभा जिला अध्यक्ष संजीव पोरवाल, सपा महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश गुप्ता, वरिष्ठ नेता श्याम भोजवानी, हरि सिंह पंडित, विनीत यादव, विजेंद्र यादव, राम चरण पोरवाल, राजकुमार यादव, इलियास सिद्दीकी, मनीष भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।