बरेली में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 23 कांवड़िए घायल; बचने के प्रयास में टेम्पो खाई में गिरा, एक की मौत

-आरके सिंह- बरेली। आंवला क्षेत्र में शिवधाम गुलड़िया गौरीशंकर से जलाभिषेक कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे कांवड़ियों का जत्था मंगलवार शाम हादसे का शिकार हो गया। रामनगर और मऊ के बीच रसूलपुर मोड़ पर तेज गति से जा रही कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 23 कांवड़ यात्री घायल हो गए। इसी दौरान ट्रॉली से बचने के प्रयास में विपरीत दिशा से आ रहा एक आटो टेम्पो खाई में पलट गया। टेम्पो में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। इस तरह हादसे में कुल 24 लोग घायल हुए हैं।

Aug 12, 2026 - 13:43
 0
बरेली में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 23 कांवड़िए घायल; बचने के प्रयास में टेम्पो खाई में गिरा, एक की मौत
बरेली के आंवला क्षेत्र में हुए हादसे में खाई में गिरा टेम्पो।

जानकारी के अनुसार थाना आंवला क्षेत्र के गांव किटोना से 50 कांवड़ यात्रियों का जत्था तीन अगस्त को हरिद्वार से जल लेने गया था। सोमवार को सभी कांवड़ यात्री गांव लौट आए थे। मंगलवार को शिवतेरस के अवसर पर जत्था शिवधाम गुलड़िया गौरीशंकर में जलाभिषेक करने गया था। जलाभिषेक के बाद शाम करीब 6:30 बजे सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस गांव लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में जनरेटर और डीजे रखा हुआ था। ट्रैक्टर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। बताया गया कि गति इतनी अधिक थी कि ट्रैक्टर के अगले पहिये तक ऊपर उठ रहे थे। रामनगर और मऊ के बीच रसूलपुर मोड़ पर अचानक ट्रॉली एक तरफ झुककर आधी पलट गई। इससे ट्रॉली में बैठे कांवड़ यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और 23 लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

इसी दौरान आंवला की ओर से गांव खनगांवा श्याम जा रहा आटो टेम्पो ट्रैक्टर-ट्रॉली से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। बताया जाता है कि ट्रॉली के पिछले हिस्से से टेम्पो की टक्कर भी हुई। हादसे में टेम्पो चालक रवि घायल हो गया, जबकि टेम्पो में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ हेमंत उपाध्याय और इंस्पेक्टर बीनू चौधरी ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और तेज गति से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद जेसीबी की मदद से पलटी हुई ट्रॉली को हटाया गया और खाई में गिरे टेम्पो को भी बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए पीएचसी रामनगर भेजा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हादसे में अजय वर्मा, मनीष वर्मा, दिव्यांश, स्वामी, नवल, अनूप, लौंग श्री, वीरेश, नन्हीं, नितिन, सौरभ, सारिका, टिंकू, अखिलेश, राजेश्वरी, ऋषिपाल, छोटी, अनिल, जय प्रकाश, रूपेश, राजकुमार और तुलसी और टेम्पो चालक रवि आदि घायल हुए हैं। टेम्पो में सवार जिस व्यक्ति की हादसे में मौत हुई है, उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

SP_Singh AURGURU Editor