आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस ने अर्टिगा कार को मारी भीषण टक्कर, दो मासूम बच्चियों समेत पांच की मौके पर मौत, आठ घायल, कार के एक हिस्से के परखच्चे उड़े, बस खाई में जा गिरी

उन्नाव। जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पांच जिंदगियां निगल लीं। हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस ने आगरा से लखनऊ की ओर जा रही अर्टिगा कार को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस एक्सप्रेस-वे से नीचे उतरकर पलट गई। आठ लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Jul 1, 2026 - 09:33
 0
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस ने अर्टिगा कार को मारी भीषण टक्कर, दो मासूम बच्चियों समेत पांच की मौके पर मौत, आठ घायल, कार के एक हिस्से के परखच्चे उड़े, बस खाई में जा गिरी
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव जिले की सीमा में बुधवार तड़के हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार।

हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बांगरमऊ क्षेत्र में जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई और उसका एक पहिया टूटकर अलग हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, बाबा ट्रैवलर की स्लीपर बस हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही थी। बस का पंजीकरण नंबर BR 06 PF 1024 है। वहीं अर्टिगा कार संतकबीर नगर में पंजीकृत थी, जिसका नंबर UP 58 AK 3461 है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस बहुत तेज रफ्तार से चल रही थी और दोनों वाहन एक ही लेन में थे। पीछे से आई बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में कार सवार धुनमुन (60), अंजू (40), दिव्या (6), अमृता (13) और विनोद (45) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। कार में कुल नौ लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। हादसे में कार के चार और बस के चार यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका एक पहिया टूटकर अलग जा गिरा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया। वहीं एक्सप्रेस-वे से नीचे पलट गई बस को भी क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू करा दी है।

हादसे में घायल आर्यन ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ अर्टिगा कार से वृंदावन घूमने जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार बस ने पीछे से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उसके परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरा परिवार उजड़ गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor