बदायूं में रफ्तार का कहर: एम्बुलेंस ने सामने से टेम्पो में मारी टक्कर, दो की मौत; गर्भवती महिला समेत चार गंभीर
-आरके सिंह- बदायूं। शादी समारोह की खुशियों से लौट रहा एक परिवार मंगलवार सुबह बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दहेमी गांव के पास तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने सामने से आ रहे टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच माह की गर्भवती महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर दहेमी गांव के पास यह हादसा हुआ। बताया गया कि टेम्पो वजीरगंज की ओर जा रहा था, जबकि सामने से आ रही तेज रफ्तार एम्बुलेंस से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टेंपो में चालक संजीव कुमार समेत छह लोग सवार थे। हादसे में बहेड़ी निवासी 19 वर्षीय यूनुस और एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात होमगार्ड रामकुमार, टेम्पो चालक संजीव कुमार, अफसाना और उनकी ननद सबीना गंभीर रूप से घायल हुईं।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
अफसाना दो दिन पहले अपने मायके वजीरगंज में पारिवारिक समारोह में शामिल होने आई थीं। मंगलवार सुबह वह अपने देवर यूनुस, ननद सबीना और बेटे अबान के साथ रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान दहेमी गांव के पास हादसा हो गया। हादसे में मासूम अबान सुरक्षित बच गया, लेकिन उसकी आंखों के सामने परिवार के लोग हादसे में घायल हो गए और उसके चाचा यूनुस की मौत हो गई।
गर्भवती अफसाना और सबीना मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक पांच माह की गर्भवती अफसाना और सबीना की हालत गंभीर होने पर दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। टेंपो चालक संजीव कुमार को उसके परिजन निजी अस्पताल ले गए, जबकि होमगार्ड रामकुमार का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस हादसे के कारणों और एंबुलेंस की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से पैदा होने वाले खतरे को सामने लाता है। एक परिवार शादी समारोह की खुशियां लेकर लौट रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में दो लोगों की मौत और चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार में मातम पसर गया।