तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रौंदा, दो की मौत; 12 घायल, एक की हालत गंभीर

-आरके सिंह-  बरेली/शाहजहांपुर। शाहजहांपुर से जल भरकर शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे को शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कांवड़ियों को ट्रक ने करीब 200 मीटर तक रौंद दिया। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Aug 21, 2026 - 18:10
 0
तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रौंदा, दो की मौत; 12 घायल, एक की हालत गंभीर
शाहजहांपुर जिले में ट्रक द्वारा ट्रैक्टर ट्रॊली को रौंदे जाने से हुए भीषण हादसे में मृत कांवड़ियों गुड्डू और अमन की फाइल फोटो।

पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवम आशुतोष ने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जिले के जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव बमियाना से करीब 15 से 20 कांवड़ियों का जत्था जल भरने के लिए बेलाडांडी गया था। शुक्रवार सुबह कांवड़िये जल लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए लौट रहे थे।

ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से मारी टक्कर

जत्था जब जैतीपुर थाना क्षेत्र में नवादा रोड पर मानपुर गांव के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ट्रॉली को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया और कांवड़ियों को करीब 200 मीटर तक अपनी चपेट में लेता चला गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। हादसे में करीब 14 कांवड़िये घायल हुए थे। इनमें गंभीर रूप से घायल गुड्डू कश्यप (24) और अमन सिंह ठाकुर (23) को बरेली जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जिला अस्पताल पहुंचते ही दो कांवड़ियों ने दम तोड़ा

गुड्डू कश्यप और अमन सिंह ठाकुर को बरेली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

घायलों में शिवम मिश्रा, अंकित मिश्रा, छोटे मिश्रा और जतिन समेत 12 कांवड़िये शामिल हैं। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor