‘स्पाइसी शुगर’ सीजन-7 का धमाकेदार आगाज़: अपारशक्ति खुराना के ‘अपार’ संवाद ने महिलाओं में भरी नई ऊर्जा, प्रेरणा और आत्मविश्वास का संचार

आगरा। होटल हॉलिडे इन में स्पाइसी शुगर संस्था के बहुप्रतीक्षित सीजन-7 का शुभारंभ बॉलीवुड अभिनेता अपारशक्ति खुराना की विशेष उपस्थिति में हुआ, जहां उनके साथ हुए प्रेरणादायक और रोचक संवाद सत्र ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन में महिलाओं के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और बौद्धिक संवाद को नई दिशा देने का संदेश दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Apr 8, 2026 - 18:36
 0
‘स्पाइसी शुगर’ सीजन-7 का धमाकेदार आगाज़: अपारशक्ति खुराना के ‘अपार’ संवाद ने महिलाओं में भरी नई ऊर्जा, प्रेरणा और आत्मविश्वास का संचार
होटल हॉलिडे इन में स्पाइसी शुगर सीजन-7 के शुभारंभ के अवसर पर अभिनेता अपारशक्ति खुराना के साथ संवाद करतीं संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बॉलीवुड अभिनेता अपारशक्ति खुराना, समाजसेवी एवं उद्यमी डॉ. रंजना बंसल और संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर चांदनी ग्रोवर, पावनी सचदेवा और शिखा जैन ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में पूनम सचदेवा ने संस्था की अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण रहा अपारशक्ति खुराना के साथ संवाद सत्र, जिसमें पूनम सचदेवा ने अपने खास अंदाज में उनसे कई दिलचस्प सवाल किए। अपारशक्ति ने भी पूरी सहजता और आत्मीयता के साथ अपने जीवन, करियर और संघर्ष की कहानी साझा की, जिससे उपस्थित महिलाएं खासा प्रेरित हुईं।

नाम के पीछे की कहानी से लेकर सफलता तक का सफर

संवाद की शुरुआत उनके नाम अपारशक्ति के अर्थ से हुई, जहां उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता ने उनमें असीम संभावनाएं देखीं। बचपन से अभिनय के शौक, स्कूल के दिनों के मंच अनुभव और ‘लुंगी डांस’ जैसी प्रस्तुतियों से उनकी यात्रा शुरू हुई।

भाई आयुष्मान खुराना से प्रेरणा, खुद की पहचान

अपारशक्ति ने अपने भाई आयुष्मान खुराना के साथ रिश्ते पर खुलकर बात करते हुए कहा कि उनके बीच हमेशा दोस्ती और प्रेरणा का रिश्ता रहा। उन्होंने माना कि शुरुआत में दबाव महसूस हुआ, लेकिन उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।

आरजे से अभिनेता तक संघर्ष की कहानी

उन्होंने बताया कि रेडियो जॉकी से होस्टिंग और फिर अभिनय तक का सफर आसान नहीं था, लेकिन हर अनुभव ने उन्हें मजबूत बनाया।
होस्टिंग मुझे कॉन्फिडेंस देती है, सिंगिंग सुकून देती है और एक्टिंग पहचान देती है, यह उनका जीवन मंत्र रहा।

स्त्री से मिला बड़ा ब्रेक

अपारशक्ति ने फिल्म स्त्री को अपने करियर का टर्निंग पॉइंट बताया, जिसने उन्हें बॉलीवुड में पहचान दिलाई। वहीं वेब सीरीज जुबिली और फिल्म बर्लिन जैसे प्रोजेक्ट्स ने उन्हें एक अभिनेता के रूप में और परिपक्व बनाया।

पर्सनल लाइफ के किस्सों से गूंजा हॉल

उन्होंने अपनी पत्नी आकृति और बेटी के साथ अपने रिश्ते को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा, घर में बहस हो तो जीत हमेशा पत्नी की ही होती है,  जिससे पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।

संगीत और रैपिड फायर से बना माहौल यादगार

संवाद सत्र के अंत में अपारशक्ति ने एक संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसे महिलाओं को समर्पित किया गया। इसके बाद स्पाइसी शुगर स्टाइल रैपिड फायर राउंड ने कार्यक्रम को और जीवंत बना दिया, जहां उनके चुटीले जवाबों ने सभी का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर सिमरन आहूजा, रेनू लांबा, शिखा, चांदनी, शिल्पा, शिवानी, माला, गरिमा, कोमिला, श्वेता, हरमीत, पावनी, माला खेरा, पूजा सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor