आगरा में सपा का मंडलीय व्यापारी सम्मेलनः भाजपा सरकार में व्यापारियों को न सम्मान, न सुरक्षा, सपा की ओर बढ़ा झुकाव- मनीष जगन अग्रवाल
आगरा। समाजवादी व्यापार सभा के मंडलीय व्यापारी सम्मेलन में भाजपा सरकार की व्यापारी नीतियों पर तीखा हमला बोला गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारी न तो खुद को सम्मानित महसूस कर रहा है और न ही सुरक्षित। उन्होंने दावा किया कि व्यापारी हित में कई महत्वपूर्ण फैसले समाजवादी पार्टी की सरकार में लिए गए थे, जिनका लाभ व्यापारी समाज को मिला। सम्मेलन में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बनाने का आह्वान किया गया।
विजय नगर स्थित नवरंग भवन में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता रामचरण पोरवाल ने की। सम्मेलन में आगरा मंडल के विभिन्न जिलों से व्यापार सभा के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि सपा सरकार में धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम को स्थगित करने, चुंगी प्रथा, इंस्पेक्टर राज और तहबाजारी समाप्त करने तथा पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये तक की निःशुल्क व्यापारी दुर्घटना योजना शुरू करने जैसे फैसले लिए गए थे। उन्होंने कहा कि फुटकर, रेहड़ी-पटरी, गुमटी, ठेला दुकानदारों से लेकर छोटे-बड़े व्यापारियों और कुटीर उद्यमियों में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी है।
प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि सरकार इन्वेस्टर समिट के आंकड़ों के जरिए औद्योगिक विकास का दावा कर रही है, जबकि औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमी बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए सरकारी विभागों के चक्कर काट रहे हैं।
प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने आगरा के पेठा उद्योग की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गैस और जगह की समस्या के कारण करीब 400 से 500 पेठा फैक्ट्रियां बंद या दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो चुकी हैं और अब करीब 125 से 150 फैक्ट्रियां ही संचालित हैं। उन्होंने एयरपोर्ट और सिविल एन्क्लेव की योजनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
सम्मेलन में यमुना क्रूज सेवा और एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना का मुद्दा भी उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि अगस्त 2022 में मथुरा-वृंदावन-आगरा के बीच यमुना में क्रूज सेवा शुरू करने की योजना बताई गई थी, लेकिन अब तक यह शुरू नहीं हुई। ओडीओपी के तहत आगरा में चमड़ा, मथुरा में सेनेटरी फिटिंग, फिरोजाबाद में कांच की चूड़ियां व गिलास और अलीगढ़ में तारकशी को प्रमुख उत्पाद चुना गया था। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार के कारण योजना अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी।
कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने आगरा की जनता और व्यापारियों को विकास के नाम पर लगातार आश्वासन दिए, लेकिन उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
कार्यक्रम में संजीव पोरवाल, सोमेश गुप्ता,समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, वरिष्ठ नेता राजपाल यादव, राहुल चतुर्वेदी, संतोष पाल, विनय अग्रवाल, मधुकर अरोड़ा, बलविंदर सिंह, सचिन चतुर्वेदी, अनूप यादव, यदुवीर यादव जाटव, रामसहाय यादव, राधा राठौर, रेनू गुप्ता, शीलू गुप्ता, जवाहरलाल अग्रवाल, जगदीश राठौर, मनीष भारद्वाज, पंकज अग्रवाल, राजीव ठाकुर, इलियास सिद्दीकी, राजकुमार यादव, अखिलेश पोरवाल, राजीव पोरवाल, गोपाल पंडित, पंकज चौहान, राम गोयल, ग्रीस सिंगल, आनंद पोरवाल, मनोज पोरवाल और कमलेश पोरवाल सहित चार मंडलों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।