बरेली में आंधी-बारिश के बीच बाइक के सामने आया आवारा पशु, टक्कर से सर्राफा व्यापारी की मौत
बरेली। सीबीगंज क्षेत्र में बुधवार शाम आंधी-बारिश के बीच बाइक सवार सर्राफा व्यापारी की आवारा पशु से टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यापारी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा शाम करीब सात बजे एनएच-530 पर परधौली पेट्रोल पंप से आगे करमपुर ठाकुरान जाने वाले रास्ते पर हुआ।
शीशगढ़ के साहूकारा मोहल्ला निवासी धर्मवीर रस्तोगी (48) बरेली के बारादरी क्षेत्र स्थित जगतपुर गौटिया में अपने दूसरे घर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक के सामने आवारा पशु आ गया। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायल धर्मवीर को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
धर्मवीर शीशगढ़ में ज्वैलर्स की दुकान चलाते थे। पांच भाइयों में वह सबसे बड़े थे। परिवार में उनकी चार बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। व्यापारी की मौत से परिवार के साथ कस्बे के व्यापारियों और परिचितों में भी शोक है।