आगरा के डौकी क्षेत्र में छात्र पर दबंगों का हमला, शिकायत करने पहुंचे परिजनों पर कुल्हाड़ी-लाठी से वार, दो घायल
फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के ग्राम गढ़ी परशुराम में सोमवार सुबह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे एक छात्र पर गांव के दबंगों द्वारा कथित रूप से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र के साथ मारपीट की शिकायत करने पहुंचे परिजनों पर भी दबंगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने थाना डौकी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार थाना डौकी क्षेत्र के ग्राम गढ़ी परशुराम निवासी तेज सिंह पुत्र हेत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के कुछ दबंगों ने उसे रोक लिया और कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित छात्र की मां जब घटना की शिकायत करने आरोपियों के घर पहुंचीं तो आरोप है कि उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। इसी बीच बीच-बचाव के लिए पहुंचे परिजन जितेंद्र और मलोदा देवी पर दबंगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित परिवार ने थाना डौकी में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।