इरादतनगर क्षेत्र के युवक हत्याकांड का का एक अभियुक्त सनी उर्फ कालीचरन गिरफ्तार
आगरा। थाना इरादतनगर क्षेत्र में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वादी संजय ने 6 फरवरी को थाना इरादतनगर में तहरीर देकर बताया था कि 3 फरवरी को उसका भाई, दीपक उर्फ दीपू पुत्र जगन के साथ एक बरात में गया था। इसी दौरान रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई और दीपू व उसके साथियों द्वारा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना इरादतनगर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस को अभियुक्त की तलाश थी। इसी क्रम में आज चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे अभियुक्त सनी उर्फ कालीचरन उर्फ कल्लू निवासी गांव गंगरौआ, थाना एकता, जनपद आगरा को बीकापुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और हत्या की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।