सुपर स्टार अजय देवगन के लिए आगरा में दिखा जबरदस्त क्रेज, एमजी रोड पर अभिनेता की एक झलक पाने को उमड़ी भारी भीड़, कल्याण ज्वेलर्स के फ्लैगशिप शोरूम उद्घाटन करने आए थे
आगरा में शुक्रवार को उस वक्त खासा उत्साह देखने को मिला, जब बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन कल्याण ज्वेलर्स के भव्य फ्लैगशिप शोरूम के उद्घाटन के लिए एमजी रोड पहुंचे। अभिनेता की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक मौके पर जमा हो गए, जिससे पूरा इलाका कुछ देर के लिए स्टार क्रेज़ में डूबा नजर आया।
आगरा। आभूषण बाजार को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हुए वैश्विक आभूषण ब्रांड कल्याण ज्वेलर्स ने एम.जी. रोड पर अपने अत्याधुनिक फ्लैगशिप शोरूम का भव्य उद्घाटन किया। इस खास मौके पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता अजय देवगन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और उन्होंने विधिवत रूप से शोरूम का शुभारंभ किया।
अजय देवगन के आगमन की सूचना मिलते ही शोरूम के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा हो गई। अभिनेता की एक झलक पाने के लिए लोग उत्साहित नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी और भीड़ को रेलिंग के पीछे ही रोका गया। बावजूद इसके माहौल पूरी तरह जोश और उत्साह से भरा रहा।
अजय देवगन ने भी अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया। उन्होंने कार से उतरते ही हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया, जिस पर भीड़ ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। कुछ देर के लिए एम.जी. रोड पर फिल्मी माहौल सा बन गया।
उद्घाटन अवसर पर अजय देवगन ने कहा कि कल्याण ज्वेलर्स के इस फ्लैगशिप शोरूम का उद्घाटन करना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगरा के लोग इस शोरूम को अपनी आभूषण जरूरतों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाएंगे।
कंपनी की ओर से जानकारी देते हुए एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रमेश कल्याणरमन ने बताया कि आगरा में फ्लैगशिप शोरूम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश में कंपनी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कल्याण ज्वेलर्स का उद्देश्य ग्राहकों को विश्वस्तरीय सेवा, व्यापक उत्पाद श्रृंखला और पूर्ण पारदर्शिता प्रदान करना है।