सुप्रीम कोर्ट को मिले 5 नए जज, इनमें एक महिला जज, जजों की संख्या 37 हुई
अभी तक सुप्रीम कोर्ट में जितने जज काम कर रहे थे उनमें से सिर्फ एक ही महिला जज जस्टिस बी वी नागरत्ना हैं। जस्टिस मोहना की नियुक्ति के बाद यह संख्या 2 हो जाएगी।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट को 5 नए जज मिले हैं। इन जजों के शपथ ग्रहण के साथ ही देश की सबसे बड़ी अदालत में जजों की संख्या 37 हो गई है। यह अब तक की अधिकतम संख्या है। दरअसल, कुछ समय पहले तक सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस समेत जजों की संख्या अधिकतम 34 ही हो सकती थी। हाल ही में सरकार ने स्वीकृत पदों की संख्या को बढ़ाकर 38 किया है।
सुबह 10:30 बजे सुप्रीम कोर्ट ऑडिटोरियम में हुए एक समारोह में चीफ जस्टिस सूर्य कांत ने इन सभी जजों को पद की शपथ दिलाई। जिन लोगों ने बतौर सुप्रीम कोर्ट जज शपथ ली है, उनके नाम हैं :- 1. जस्टिस शील नागू, पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस, 2. जस्टिस श्री चंद्रशेखर, बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस, 3. जस्टिस संजीव सचदेव, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस, 4. जस्टिस अरुण पल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस, 5. वेंकिटा सुब्रमणि मोहना, सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील।
अभी तक सुप्रीम कोर्ट में जितने जज काम कर रहे थे, उनमें से सिर्फ एक ही महिला जज जस्टिस बी वी नागरत्ना हैं। जस्टिस मोहना की नियुक्ति के बाद यह संख्या 2 हो जाएगी। जस्टिस मोहना की इससे भी बड़ी उपलब्धि यह है कि वकील से सीधे सुप्रीम कोर्ट की जज बनने वाली वह दूसरी महिला हैं। उनसे पहले जस्टिस इंदु मल्होत्रा ही इकलौती ऐसी महिला थीं।
इन नियुक्तियों के बाद भी सुप्रीम कोर्ट में जजों के लिए स्वीकृत संख्या 38 में से 1 पद खाली है। इसके अलावा जस्टिस जे के माहेश्वरी और जस्टिस पंकज मिथल भी सुप्रीम कोर्ट के ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान सेवानिवृत होने वाले हैं। इस तरह जजों के 3 पद खाली हो जाएंगे। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि कॉलेजियम जल्दी 3 और नामों की सिफारिश सरकार को भेजेगा।