सुरमा बरेली वाला बना उर्स-ए-रजवी का खास आकर्षण, वाराणसी से बेगूसराय और हैदराबाद तक के जायरीन कर रहे खरीदारी

-आरके सिंह- बरेली। उर्स-ए-रजवी में देश-विदेश और दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे जायरीन से बरेली गुलजार है। आला हजरत के दीवानों की बड़ी संख्या में आमद से दरगाह के आसपास के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। जायरीन इबादत और जियारत के साथ बरेली की मशहूर चीजों की खरीदारी भी कर रहे हैं। इनमें बरेली का सुरमा इस बार खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अलग-अलग किस्म के सुरमे की मांग के चलते दरगाह के आसपास स्थित दुकानों पर दिनभर जायरीन की भीड़ नजर आ रही है।

Aug 8, 2026 - 21:19
 0
सुरमा बरेली वाला बना उर्स-ए-रजवी का खास आकर्षण, वाराणसी से बेगूसराय और हैदराबाद तक के जायरीन कर रहे खरीदारी
उर्स-ए-रजवी में आए देश-विदेश के जायरीन बरेली का सुरमा खरीदते हुए।

सुरमा कारोबारी हसीन हाश्मी की दुकान पर भी बड़ी संख्या में लोग सुरमा खरीदने पहुंच रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक बरेली का सुरमा अपनी खासियत के लिए दूर-दराज तक जाना जाता है। यही वजह है कि उर्स में आने वाले जायरीन इसे बरेली की याद के तौर पर अपने साथ ले जाना पसंद कर रहे हैं।

वाराणसी के जकी उद्दीन ने बताया कि जायरीन सुरमा खरीदने के साथ उसे अदब और आस्था से इस्तेमाल करते हैं। कुछ लोग सुरमा आंखों में लगाने से पहले कुरान की आयतें पढ़ते हैं और इसे अपनी धार्मिक भावनाओं से जोड़कर देखते हैं।

उर्स के दौरान सुरमे की बिक्री बढ़ने से कारोबारियों में भी उत्साह है। दरगाह के आसपास सुरमे की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक लोगों की आवाजाही बनी हुई है। जायरीन के लिए बरेली का सुरमा उर्स-ए-रजवी की खरीदारी का एक खास हिस्सा बनता जा रहा है।

बेगूसराय, बिहार के शफी अहमद ने बताया कि उनके कई मित्रों ने उनसे सुरमा बरेली वाला मंगाया है। उनका कहना है कि फिल्मी गीत सुरमा बरेली वाला से बरेली के सुरमे को देशभर में अलग पहचान मिली है। इसी लोकप्रियता के चलते जायरीन अपनी जेब के हिसाब से सुरमा खरीदकर अपने साथ ले जा रहे हैं।

वहीं हैदराबाद के नवी हसन एक पेटी सुरमा खरीदकर ले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह इसे अपने व्यवहारियों और मित्रों को प्रसाद के तौर पर बांटेंगे। उनका कहना है कि बरेली से सुरमा ले जाना उनके लिए उर्स की याद को अपने साथ ले जाने जैसा है।

उर्स-ए-रजवी के चलते सुरमे के कारोबार में आई तेजी ने बरेली की इस पारंपरिक पहचान को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। इबादत, जियारत और उर्स की रौनक के बीच सुरमा बरेली वाला जायरीन की खरीदारी में खास आकर्षण बना हुआ है।

SP_Singh AURGURU Editor