ताज हाफ मैराथन की प्रोमो रेसः नौ साल के चैतन्य से लेकर 84 साल के रतन सिंह ने लगाई दौड़

शहर का जोश, फिटनेस का जुनून और स्वास्थ्य के प्रति एक नई सोच, रविवार की सुबह आगरा के शास्त्रीपुरम में उस समय देखने को मिली जब 9 साल के चैतन्य पाल से लेकर 84 वर्ष के रतन सिंह आर्य तक 600 से अधिक धावकों की टोली जोनल पार्क से जपनाम अस्पताल तक दौड़ पड़ी। यह दृश्य केवल एक प्रोमो रेस का नहीं, बल्कि आगरा के बदलते स्वास्थ्य और खेल संस्कृति का था। आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन की यह दूसरी प्रोमो रेस आने वाली आगरा ताज हाफ मैराथन-2026 के लिए ऊर्जा से भरी एक जोरदार तैयारी थी।

Nov 16, 2025 - 14:12
 0
ताज हाफ मैराथन की प्रोमो रेसः नौ साल के चैतन्य से लेकर 84 साल के रतन सिंह ने लगाई दौड़
शास्त्रीपुरम स्थित जोनल पार्क के सामने आगरा ताज हाफ मैराथन के लिए फ्लैग ऑफ करके दूसरी प्रोमो रेस का शुभारंभ करतीं राष्ट्र सेविका समिति शास्त्री नगर संपर्क प्रमुख वंदना सिंह। साथ हैं ऑर्गेनाइजिंग प्रेसिडेंट संदीप ढल, मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक डॉ. दिनेश राठौर एवं दूर-दूर से आए धावक।

आगरा। आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन और एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेसेज की ओर से आगामी 8 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली आगरा ताज हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण के लिए रविवार को शास्त्रीपुरम क्षेत्र में दूसरी प्रोमो रेस आयोजित की गई। यह रेस जोनल पार्क से इंडस्ट्रियल एरिया होते हुए जपनाम अस्पताल तक 5 और 10 किलोमीटर की दूरी के साथ संपन्न हुई।

इस प्रोमो रेस में 9 वर्षीय किशोर चैतन्य पाल से लेकर 84 वर्षीय वरिष्ठ धावक रतन सिंह आर्य सहित 600 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी धावकों ने फिटनेस और जीवनशैली में बदलाव का संदेश देते हुए दौड़ पूरी की।

रेस से पहले, रोटेरियन डॉ. आरती मेहरोत्रा और दीपक नेगी ने ‘जय हो’ जैसी उत्साहवर्धक धुनों पर वॉर्म-अप एक्सरसाइज कराई। स्वामी परमानंद महाराज ने शंखनाद के साथ हरी झंडी दिखाई। राष्ट्रगान के बाद रेस शुरू हुई।

मुख्य अतिथि राष्ट्र सेविका समिति, शास्त्री नगर संपर्क प्रमुख वंदना सिंह ने कहा कि पहले आगरा के लोग मैराथन के लिए बाहर जाते थे, अब बाहर के लोग मैराथन के लिए आगरा आ रहे हैं।
रोटेरियन डॉ. आरती ने प्रधानमंत्री मोदी के नारे को आगे बढ़ाते हुए कहा, स्वस्थ रहेगा इंडिया तभी तो पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया।

ऑर्गेनाइजिंग प्रेसिडेंट संदीप ढल ने बताया कि पहली बार आगरा ताज हाफ मैराथन की सभी रेस श्रेणियां AIMS से वैश्विक स्तर पर प्रमाणित हुई हैं। इससे आगरा का नाम अंतरराष्ट्रीय मैराथन मानचित्र पर दर्ज हुआ है। उन्होंने बताया कि 2000 रजिस्ट्रेशन अभी तक हो चुके हैं और इस बार 3000 से अधिक धावकों की उम्मीद है।

गाजियाबाद के 61 वर्षीय राज जी, जो अस्थमा से जूझ रहे थे, ने बताया कि उन्होंने पिछली मैराथन में जीत हासिल की और उसी से अस्थमा को हमेशा के लिए मात दी। वहीं, मुंबई से सपरिवार दौड़ने आए नेवी अफसर गजेंद्र सिंह ने कहा, पूरे परिवार की फिटनेस के लिए साथ दौड़ना जरूरी है।

रूट पर हाइड्रेशन और सुरक्षा की व्यवस्था गोपाल शर्मा, गोपाल अग्रवाल, डॉ. एनएस लोधी व डॉ. विकास मित्तल ने संभाली। महेश सारस्वत और आवेग मित्तल ने जोनल पार्क में सभी तैयारियों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

आगरा स्पोर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने कहा कि यह आयोजन नगर निगम के स्वच्छ आगरा, स्वस्थ आगरा और प्लास्टिक मुक्त आगरा अभियान को भी सपोर्ट कर रहा है।
डॉ. संजय गुप्ता और प्रवक्ता डॉ. दिनेश राठौर के अनुसार, यह आयोजन केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि आगरा के पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। इस बार अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों की भी भागीदारी रहेगी।

SP_Singh AURGURU Editor