ताज महोत्सव में आगरा की 20 महिलाओं ने देश के नामचीन फैशन डिज़ाइनरों से लिया हाई-क्लास जैक सिलाई मशीन का प्रशिक्षण, ‘धरोहर–ओडीओपी फ्यूजन शो’ में दिखेगा परंपरा और आधुनिक फैशन का भव्य संगम

आगरा। ताज महोत्सव में आज तकनीक, परंपरा और महिला सशक्तिकरण का ऐतिहासिक संगम देखने को मिला, जब आगरा की 20 स्थानीय महिलाओं ने देश के जाने-माने फैशन डिज़ाइनरों से AI आधारित हाई-क्लास जैक सिलाई मशीन पर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण वर्ल्ड डिजाइनिंग फोरम एवं ओडीओपी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम के अंतर्गत दिया गया।

Feb 23, 2026 - 22:10
 0
ताज महोत्सव में आगरा की 20 महिलाओं ने देश के नामचीन फैशन डिज़ाइनरों से लिया हाई-क्लास जैक सिलाई मशीन का प्रशिक्षण, ‘धरोहर–ओडीओपी फ्यूजन शो’ में दिखेगा परंपरा और आधुनिक फैशन का भव्य संगम
ताज महोत्सव में आयोजित शिविर में एआई मशीन से ट्रेनिंग लेतीं आगरा की महिलाएं।

आज इन महिलाओं द्वारा तैयार किए गए परिधानों का भव्य प्रदर्शन मंगलवार शाम 7 बजे ताज महोत्सव के मुख्य मंच पर आयोजित होने वाले धरोहर –ओडीओपी फ्यूजन शो में किया जाएगा। यह आयोजन केवल एक फैशन शो नहीं, बल्कि भारत की पारंपरिक बुनाई, हस्तशिल्प और आधुनिक डिज़ाइन सोच को एक मंच पर लाने का सशक्त प्रयास है।

वर्ल्ड डिजायनिंग फोरम के सीईओ अंकुश अनामी ने बताया कि इस फैशन शो में 50 से अधिक डिज़ाइनर परिधानों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिन्हें ODOP के टेक्सटाइल और पारंपरिक उत्पादों से तैयार किया गया है। इन परिधानों को देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिष्ठित डिज़ाइनरों ने डिज़ाइन किया है, जिनमें राजस्थान से विशाखा माली, मध्य प्रदेश से उषा पनवर एवं हिमांशी प्रजापति, महाराष्ट्र से शिरीन जोशी एवं एकता चावला, आंध्र प्रदेश से करुमांची भाग्यलक्ष्मी एवं हारिनी वैंकयलापति, और उत्तर प्रदेश से अनुजा कपूर शामिल हैं।

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सभी परिधानों की सिलाई AI आधारित हाई-क्लास जैक मशीनों से की गई, जिसके लिए आगरा की स्थानीय महिला दर्जियों को पहले दो दिवसीय विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद उन्हीं महिलाओं द्वारा लाइव गारमेंट्स तैयार किए गए, जो आत्मनिर्भर भारत की सोच को जमीनी स्तर पर साकार करता है।

यह फ्यूजन शो ओडीओपी उत्पादों को नया बाजार, आधुनिक पहचान और अंतरराष्ट्रीय संभावनाएं प्रदान करेगा। पारंपरिक वस्त्र जब समकालीन डिज़ाइन के साथ प्रस्तुत होते हैं, तो उनकी मांग देश-विदेश में तेजी से बढ़ती है। यह पहल कारीगरों की आय, सम्मान और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मॉडल्स के साथ-साथ महिला कारीगर भी रैंप वॉक करेंगी, जो इस आयोजन को भावनात्मक, प्रेरणादायक और ऐतिहासिक बनाएगा। धरोहर –ओडीओपी फ्यूजन शो भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक मंच पर स्थापित करने का एक सशक्त प्रयास है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा और नई दिशा देता है।

SP_Singh AURGURU Editor