'छठी मईया' गीत में पानी में बैठकर छठ पूजा करती दिखीं तमन्ना भाटिया, परंपरा भी वही, भावनाएं भी वही
तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म 'द वन' से 'छठी मईया' गीत की पहली झलक सामने आ गई है। गाने के टीजर को देख लोगों का उत्साह भी वीडियो पर उमड़ पड़ा है और कहा है- इस एक लाइन ने ही वो पूजा वाली यादें ताजा कर दीं।
मुंबई। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म 'द वन' अभी से ही सुर्खियों में है। इसके गाने भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। मेकर्स ने बुधवार को इस फिल्म के पहले गाने 'छठी मईया' गीत की पहली झलक शेयर किया है। खास बात यह है कि इस भोजपुरी छठ गीत को मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है।
मेकर्स ने बुधवार को 'छठी मईया' गीत की पहली झलक शेयर की। इस 11 सेकंड के इस टीजर में तमन्ना भाटिया छठ पूजा करती हुई नजर आ रही हैं और पूरे भक्ति भाव में नजर आ रही हैं। उनके किरदार को आस्था में लीन दिखाया गया है। टीजर देखकर पता लग रहा है कि फिल्म में आध्यात्मिक झलक है। लाल साड़ी में तमन्ना का लुक और पूजा का माहौल दर्शकों को फिल्म की कहानी से जुड़े धार्मिक और लोककथा की खूबसूरत झलक पेश कर रहा है।
टीजर सामने आने के बाद साफ हो गया है कि विशाल की आवाज में यह खास छठ गीत फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है। 'छठी मईया' गीत को विशाल मिश्रा ने न सिर्फ गाया है और इसकी धुन भी उन्होंने ही तैयार की है। लोगों ने गीत की काफी तारीफ की है। एक ने कहा- इस एक लाइन ने ही वो पूजा वाली यादें ताजा कर दीं। वहीं लोगों ने- जय छठी मैया कहते हुए गीत को सपोर्ट किया है।
'छठी मईया' के बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। 'छठी मईया' के टीजर के साथ मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, 'छठ की भक्ति और छठी मईया का आशीर्वाद।' टीजर के बाद अब दर्शकों को पूरे गाने का इंतजार है। यह गीत गुरुवार को रिलीज किया जाएगा। सोशल मीडिया पर लोग इसकी पूरी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
'द वन' का 'छठी मैया' गाना सिर्फ एक भक्ति गीत नहीं है, बल्कि यह फिल्म की कहानी और उसकी लोककथा वाली दुनिया से भी जुड़ा हुआ है। गाने में छठ पूजा की परंपरा और उससे जुड़ी आस्था को खूबसूरती से दिखाया गया है, जिसमें तमन्ना भाटिया एक अहम भूमिका में नजर आती हैं।
फिल्म में छठ पूजा का खास महत्व है, इसलिए तमन्ना चाहती थीं कि इसे सिर्फ एक गाने की तरह पेश न किया जाए, बल्कि इसकी परंपरा और भावनाओं को भी सही तरीके से समझा जाए। इसी वजह से शूटिंग से पहले उन्होंने छठ पूजा के बारे में विस्तार से जाना और यह समझने की कोशिश की कि बिहार और पटना में इस पर्व को किस तरह मनाया जाता है।
अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए तमन्ना कहती हैं, 'मैं हमेशा से छठ पूजा को बहुत श्रद्धा के साथ देखती आई हूं। गाने की शूटिंग शुरू करने से पहले मैंने इस परंपरा की अहमियत और बिहार और पटना में इसे किस तरह मनाया जाता है, इसे समझने में समय बिताया। सच कहूं तो इसकी ताकत और लोगों की आस्था देखकर मैं हैरान थी। छठी मैया के साथ जो जुड़ाव मैंने महसूस किया, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। मुझे लगा कि मैं उनसे बहुत गहराई से जुड़ गई हूं। छठ पूजा ‘द वन’ का एक बेहद अहम हिस्सा है और मैं इस परंपरा को किसी और तरह से महसूस नहीं करना चाहती थी।'
द वन' भारतीय लोककथाओं को फैंटेसी, एडवेंचर, रहस्य के साथ एक बड़े सिनेमाई अनुभव में पेश करने की कोशिश करती है। फिल्म में टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर साथ आए हैं। फिल्म की दुनिया को कॉमिक बुक ‘द लीजेंड ऑफ वन’ के जरिए भी आगे बढ़ाया गया है, जो दर्शकों को इस कहानी के बड़े लोककथा संसार से परिचित कराती है। बालाजी मोशन पिक्चर्स, बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की एक इकाई, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर 'द वन' प्रस्तुत कर रहा है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। अरुणाभ कुमार ने फिल्म की कहानी लिखी है और दीपक मिश्रा ने इसका निर्देशन किया है। मनु आनंद इसके डीओपी और विजुअल डायरेक्टर हैं। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है।