टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन का इस्तीफा, नोएल टाटा की आपत्ति, कई मुद्दों पर मतभेद कारण संभव
एन. चंद्रशेखरन ने टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, फरवरी 2027 तक वह अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे और दोबारा नियुक्ति नहीं मांगेंगे।
मुंबई। एन. चंद्रशेखरन ने टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, फरवरी 2027 तक वह अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे और दोबारा नियुक्ति नहीं मांगेंगे। टाटा संस ने फरवरी में एन. चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन बनाने के फैसले को टाल दिया था। इसकी वजह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की आपत्ति बताई गई थी।
चंद्रशेखरन 1987 में टाटा ग्रुप से जुड़े थे। इसके बाद 2009 में वह टीसीएस के सीईओ बने और 2017 में टाटा संस के चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले 12 अगस्त को रिपोर्ट आई थी कि वह 18 अगस्त की एजीएम से पहले पद छोड़ने की संभावना पर करीबी लोगों से चर्चा कर चुके थे।
टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच पिछले कुछ समय से कई मुद्दों को लेकर मतभेद सामने आए थे। इनमें बोर्ड में प्रतिनिधित्व, ग्रुप की आगे की स्ट्रैटजी और शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप की टाटा संस में हिस्सेदारी से बाहर निकलने जैसे मामले शामिल रहे। 18 अगस्त की एजीएम में चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर शेयरधारकों की वोटिंग होनी थी। ऐसे में उनका इस्तीफा टाटा ग्रुप के नेतृत्व में एक अहम बदलाव माना जा रहा है।