आगरा के जैतपुर में चोरी, सूने घर में छत के रास्ते घुसे चोर, जेवरात और नगदी पर हाथ साफ
जैतपुर (आगरा)। जैतपुर कस्बा क्षेत्र के नदगवां मार्ग स्थित एक घर में रविवार को दिन के उजाले में चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। परिवार दिल्ली गया हुआ था और घर की देखरेख कर रहा भतीजा पास के गांव गया हुआ था। चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर को खंगाल डाला और करीब पचास हजार रुपये नगद, कीमती जेवरात की चोरी कर ली।
चोरी की यह घटना रमेश के घर में हुई। रमेश परिवार सहित दिल्ली गये हुए हैं। घर में ताला लगा हुआ था। दोपहर करीब डेढ़ बजे रमेश का भतीजा अजीत घर वापस लौटा तो उसे कुछ संदेह हुआ। बाहर लगा ताला खोला लेकिन दरवाजा नहीं खुला क्योंकि अंदर से कुंडी बंद थी। किसी तरह गेट खोला तो अंदर का नजारा देख अजीत के होश उड़ गए। पूरा घर अस्त-व्यस्त था और सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी और संदूक भी खुले पड़े थे। रमेश के अनुसार, चोर दो अंगूठी, चार जोड़ी पायल, एक चांदी की करधनी, दो नाक के फूल और 50 हजार नगद रकम चुरा ले गए हैं।
पीड़ित ने चोरी की सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे।