आगरा के बरहन क्षेत्र में दो गांवों के छह नलकूपों की विद्युत केबल काट ले गये चोर
आगरा। बरहन थाना क्षेत्र के अहारन चौकी अंतर्गत चोरों ने किसानों के साधनों पर सीधा वार करते हुए एक ही रात में दो अलग-अलग गांवों में छह नलकूपों को निशाना बना लिया। 29–30 जनवरी की रात अंजाम दी गई इस वारदात में चोर नलकूपों से विद्युत केबल काटकर फरार हो गए। घटना से किसानों में रोष है।
जानकारी के अनुसार गांव यूसुफपुर निवासी उपेंद्र बघेल, चंद्रपाल तथा गांव नवारी निवासी भूरी सिंह, बृजेश और भूप सिंह समेत कुल छह किसानों के नलकूपों पर चोरी की गई। चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर ट्यूबवेलों से बिजली की केबल काटी और मौके से ले गए। सुबह खेत पहुंचे किसानों को घटना का पता चला।
पीड़ित किसानों ने थाना बरहन में घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि केबल चोरी से न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि रबी फसल की सिंचाई प्रभावित होने से उत्पादन पर भी संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय किसानों ने अहारन चौकी पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और चोर गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही है।