सावन के तीसरे सोमवार को बरेली-बदायूं में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, ‘बम-बम भोले’ से गूंजा कांवड़ मार्ग
-आरके सिंह- बरेली। सावन के तीसरे सोमवार पर बरेली और बदायूं में कांवड़ियों के स्वागत के लिए आसमान से फूलों की बारिश हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से करीब 20 क्विंटल फूलों की पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों और शिवभक्तों का अभिनंदन किया। सुबह करीब 10 बजे पुलिस लाइन से उड़ान भरने वाले हेलीकॉप्टर ने सबसे पहले बाबा वर्खंडी नाथ मंदिर पहुंचकर पुष्पवर्षा की। इसके बाद हेलीकॉप्टर कांवड़ मार्ग पर पहुंचा और रास्ते से गुजर रहे कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए। आसमान से फूलों की बारिश देखकर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं में उत्साह छा गया और पूरा क्षेत्र ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
पुष्पवर्षा के दौरान मंडलायुक्त शंभू कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी, बरेली के जिलाधिकारी अवनीश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आईएएस ईशता किशोर, आईपीएस अंशिका वर्मा और अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने भी इस पुण्य आयोजन में भाग लिया।
बरेली के सभी नाथ मंदिरों के आसपास और बदायूं के कछला गंगा घाट क्षेत्र में भी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर पुष्पवर्षा का अभिवादन किया, जबकि कांवड़िये भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा पर आगे बढ़ते रहे। पुष्पवर्षा के दौरान लोगों ने वीडियो भी बनाए, जिन्हें बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया।
मंडलायुक्त शंभू कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सातों नाथ मंदिरों से कछला घाट तक कांवड़ियों के स्वागत और सुविधा की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण भी किया जाएगा। इससे मार्ग पर कांवड़ियों की भीड़, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भीड़ की स्थिति के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाओं में बदलाव किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। मंदिर परिसरों और कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रामगंगा में कांवड़ियों के लिए फलाहारी भोज
सावन के पावन अवसर पर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ श्री नाथ नगरी सेवा समिति, रामगंगा-बरेली की ओर से पूरे श्रावण मास के लिए कांवड़ सेवा शिविर लगाया गया है। तृतीय सोमवार के अवसर पर समिति ने विशाल फलाहारी भोज का आयोजन किया। इसमें हजारों शिवभक्तों और कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। फलाहारी भोज और पुष्पवर्षा के दौरान पूरा रामगंगा क्षेत्र ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारों से गूंजता रहा।
समिति के सदस्यों ने कहा कि भोलेनाथ की कृपा और सभी के सहयोग से कांवड़ सेवा अनवरत जारी है। समिति का उद्देश्य कांवड़ियों की यात्रा को मंगलमय और सुविधाजनक बनाना है।
इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के सोनू भैया, श्रवण गुप्ता, शोभित अग्रवाल, बंटी ठाकुर, सुधीर कुमार सिंह, सुधीर श्रोत्रिय, करुन सारस्वत, पीयूष अग्रवाल, शिवम रस्तोगी, अमर यादव, अशोक देवल, निहाल किशोर, नवीन जी, नवीन कौशल, नवीन रस्तोगी, विशाल चंद्र, मुदित गोयल और विशाल चौहान सहित सभी सदस्यों की सहभागिता रही।