जुर्माना भरकर तीन सिद्धदोष बंदियों को दिलाई रिहाई, आगरा जिला जेल में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए
आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला कारागार, आगरा में मानवता, सुधार और सकारात्मक सोच का संदेश देखने को मिला। समाजसेवी पुष्कल गुप्ता ने 6,500 रुपये जमा कराकर तीन सिद्धदोष बंदियों के अधिरोपित जुर्माने का भुगतान कराया, जिसके बाद तीनों को जिला कारागार से रिहा कर दिया गया। इस मौके पर बंदियों और एकता सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन का संदेश दिया।
समाजसेवी पुष्कल गुप्ता द्वारा जमा कराई गई 6,500 रुपये की धनराशि से तीन सिद्धदोष बंदियों—अवधेश कुमार पुत्र सुखराम सिंह, सोनवीर उर्फ सोनू पुत्र योगेन्द्र तथा राहुल पुत्र तपेश का अधिरोपित जुर्माना जमा कराया गया। जुर्माने की राशि जमा होने के बाद तीनों बंदियों को जिला कारागार, आगरा से रिहा किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कारागार में निरुद्ध बंदियों के स्वस्थ मनोरंजन और सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए सांस्कृतिक मंच पर विभिन्न मनमोहक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित करने और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
इसके बाद एकता सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था, आगरा की अध्यक्ष एकता जैन के नेतृत्व में संस्था के छात्र-छात्राओं ने पुरुष एवं महिला बंदियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक उत्थान और स्वस्थ मनोरंजन का संदेश दिया गया। कारागार प्रशासन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशंसा-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान राजेश कुमार राय, जेलर; देवदर्शन सिंह, जेलर; अंजनी कुमार, उप जेलर; संदीप भास्कर, उप जेलर; मनोज कुमार शुक्ला, उप जेलर; रजनीश कुमार सिंह, उप कारापाल; मौसमी राय, उप जेलर सहित अन्य कारागार अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।