तीन साल का भरोसा टूटा, मेवा कटरा बाजार से 10 किलो चांदी लेकर कारीगर फरार

आगरा के मेवा कटरा बाजार में एक कारीगर व्यापारी से 10 किलो चांदी लेकर फरार हो गया। तय समय पर माल न लौटाने पर संपर्क करने पर फोन बंद मिला और घर पर ताला लगा था। परिजनों ने जानकारी देने से इनकार करते हुए व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी मुस्ताक और उसके पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Feb 2, 2026 - 17:26
 0
तीन साल का भरोसा टूटा, मेवा कटरा बाजार से 10 किलो चांदी लेकर कारीगर फरार
इमेज फोटो

आगरा। आगरा के कोतवाली क्षेत्र स्थित मेवा कटरा बाजार में चांदी कारोबार से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फर्म से जुड़ा कारीगर दस किलो चांदी लेकर फरार हो गया। जब व्यापारी ने तय समय पर तैयार माल के बारे में पूछताछ की, तो उसे न सिर्फ टाल दिया गया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।

शिकायतकर्ता व्यापारी के अनुसार, आरोपी मुस्ताक पिछले करीब तीन वर्षों से भरोसेमंद कारीगर के रूप में उसकी फर्म से चांदी का कच्चा माल ले जाकर तैयार माल लौटाता था। इसी भरोसे के चलते 4 और 5 मई 2025 को मुस्ताक करीब 10 किलो चांदी की चेन टाका लेकर गया और वादा किया कि वह 10 मई 2025 तक तैयार माल वापस कर देगा।

लेकिन तय तारीख आने पर जब व्यापारी ने मुस्ताक से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद जब व्यापारी उसके घर पहुंचा, तो वहां ताला लटका हुआ था। इस पर व्यापारी को ठगी की आशंका हुई।

मामला यहीं नहीं रुका। जब शिकायतकर्ता ने मुस्ताक के परिजनों से संपर्क किया, तो उन्होंने न सिर्फ मुस्ताक के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया, बल्कि धमकी दी कि यदि वह उनके घर दोबारा आया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

डरे-सहमे व्यापारी ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर मुस्ताक और उसके पुत्र राहिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।