आगरा में अंबेडकर पुल से सेल्फी लेते तीन युवक नीचे आ गिरे दो की हालत गंभीर

आगरा। आगरा में बीती रात एक हादसा सामने आया जब सेल्फी लेने के चक्कर में तीन युवक अंबेडकर पुल से नीचे आ गिरे। ये युवक जिस रेलिंग के सहारे खड़े थे, वह पहले से ही जर्जर थी। बताया जा रहा है कि पुल की मरम्मत चल रही थी, जिसके कारण उस पर आवागमन पहले से बंद था, इसके बावजूद युवक वहां बाइक से पहुंच गए थे। हादसे का शिकार तीन युवकों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

Jun 20, 2025 - 11:17
 0
आगरा में अंबेडकर पुल से सेल्फी लेते तीन युवक नीचे आ गिरे दो की हालत गंभीर
अंबेडकर पुल से सेल्फी लेते समय नीचे गिरे युवकों को संभालते आसपास के लोग।  

-मरम्मत के चलते बंद पुल पर पहुंचे युवक, लड्डू गोपाल की प्रतिमा देखकर रुके और ली सेल्फी

तीनों युवक जब पुल के ऊपर पहुंचे, तो यमुना किनारे स्थापित लड्डू गोपाल की प्रतिमा को देखकर रुक गए। वे पुल पर खड़े होकर उसी ओर सेल्फी लेने लगे, जिस दिशा की रेलिंग पहले से टूटी हुई थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों नीचे गिर गए।

20 फुट की ऊंचाई से गिरने से गंभीर चोटें

करीब 20 फुट की ऊंचाई से गिरने के कारण तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें संभाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

दो की हालत गंभीर, इलाज जारी

तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को भी दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

SP_Singh AURGURU Editor