एक हाथ में तिरंगा,दूसरे हाथ में हथियार, ‘वंदे मातरम’ बोलकर युवक ने की फायरिंग, वीडियो वायरल
आगरा के सदर थाना क्षेत्र की लालकुर्ती चौकी के मुस्तफा क्वार्टर निवासी बताए जा रहे युवक का हथियार से फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में युवक के हाथ में तिरंगा और हथियार दिखाई दे रहा है तथा वह फायरिंग के दौरान ‘वंदे मातरम’ बोलता नजर आ रहा है। प्रशासन की सख्त चेतावनी के बावजूद सामने आए इस वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस युवक की पहचान, हथियार और वीडियो की सत्यता की जांच में जुटी है।
आगरा। स्वतंत्रता दिवस के बाद भी आगरा में तिरंगे के साथ हथियारों का प्रदर्शन और खुलेआम फायरिंग का मामला सामने आया है। थाना सदर क्षेत्र की लालकुर्ती चौकी के मुस्तफा क्वार्टर निवासी बताए जा रहे एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक के हाथ में तिरंगा नजर आ रहा है, जबकि दूसरे हाथ में हथियार दिखाई दे रहा है। युवक फायरिंग करते हुए नजर आ रहा है और इस दौरान उसकी जुबान पर ‘वंदे मातरम’ के नारे सुनाई दे रहे हैं।
तिरंगे के सामने हथियार लेकर की फायरिंग
वायरल वीडियो में युवक तिरंगा लेकर खड़ा दिखाई देता है। इसके बाद वह हथियार से खुलेआम फायरिंग करता नजर आ रहा है। फायरिंग के दौरान वीडियो रिकॉर्ड किया गया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद नहीं थम रहे मामले
स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय पर्वों के दौरान पुलिस-प्रशासन लगातार हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग नहीं करने की अपील करता रहा है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आना सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की चेतावनी पर सवाल खड़े कर रहा है। खास बात यह है कि युवक ने फायरिंग के दौरान तिरंगा भी हाथ में ले रखा था। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जुटा रही युवक की जानकारी
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में नजर आ रहा युवक थाना सदर की लालकुर्ती चौकी क्षेत्र के मुस्तफा क्वार्टर का रहने वाला है। पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता, युवक की पहचान और उसके पास मौजूद हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया तथा फायरिंग में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी है या अवैध। वीडियो की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
युवक द्वारा खुद फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।